कांग्रेस महासचिव और राजस्थान के प्रभारी अविनाश पांडे ने बुधवार को कहा कि अगर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट अपनी गलतियों के लिए माफी मांग लें तो बात बन सकती है, लेकिन हर चीज की समयसीमा होती है। दरअसल, उपमुख्यमंत्री और राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद पायलट ने स्पष्ट किया है कि वह भाजपा में शामिल नहीं हो रहे हैं।
पायलट के बयान के बारे में पूछे जाने पर पांडे ने कहा कि भगवान उनको सद्बुद्धि दे। जिस पार्टी ने उनको पाला-पोसा और बड़ा किया वह उनसे एक जिम्मेदार नेता होने की अपेक्षा करती है। उनको मेरा यही संदेश है। उन्होंने यह आरोप फिर दोहराया कि अशोक गहलोत सरकार को गिराने की साजिश में पायलट शामिल थे।
यह पूछे जाने पर कि क्या अब भी पायलट के लिए कांग्रेस में कोई गुंजाइश है तो उन्होंने कहा कि गुंजाइश क्यों नहीं होती? पांच दिनों से गुंजाइश ही गुंजाइश थी। फिर यह सवाल करने पर कि क्या अब भी पायलट के लिए दरवाजे खुले हुए हैं तो कांग्रेस महासचिव ने कहा कि दरवाजे हमेशा खुले रहते हैं, खुले हैं।
यह भी पढ़ें: मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पास है एक खास जादू की पुड़िया, जिसके खुलते ही विरोधी हो जाते हैं बेबस!
अगर पायलट सरकार गिराने की साजिश के लिए अपनी गलती स्वीकार कर लें और माफी मांग लें तो बात बन सकती है के सवाल पर उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से बन सकती है। लेकिन हर चीज की समयसीमा होती है। जो उन्होंने गलतियां की हैं अगर उनके लिए माफी मांग लेते हैं तो सब हो सकता है।
गौरतलब है कि कांग्रेस ने सचिन पायलट को उपमुख्यमंत्री और प्रदेशाध्यक्ष पद से हटाने के बाद उन्हें अयोग्य घोषित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विधानसभा अध्यक्ष ने बुधवार को कांग्रेस की शिकायत के आधार पर पायलट समेत 19 विधायकों को नोटिस भेजा है। उन्हें शुक्रवार तक अपना जवाब दाखिल करना है। वहीं सचिन पायलट ने कहा कि वो अभी भी कांग्रेस में हैं और फिलहाल भाजपा में नहीं जा रहे हैं।
पायलट हरियाणा से जयपुर आएं और साबित करें अपना दावा
कांग्रेस ने पायलट की वापसी के लिए दरवाजे जरूर खुले रखे हैं लेकिन उसके सख्त रुख में कोई बदलाव नहीं दिखा है। पार्टी ने सचिन पायलट से साफ कहा है कि वह हरियाणा सरकार की मेहमान नवाजी छोड़कर तुरंत जयपुर आएं और अपने उस दावे को साबित करें कि वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल नहीं होंगे। बता दें कि पायलट ने हाल ही में कहा है कि वह भाजपा में शामिल नहीं होंगे।
कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि पायलट वापस आएं और फिर वह हर उस मुद्दे पर पार्टी नेतृत्व से बात कर सकते हैं जो उन्होंने सीधे तौर पर उठाए हैं। सुरजेवाला ने साफ किया कि पार्टी यह नहीं मानती है कि गहलोत सरकार को अल्पमत में लाने की कोशिश अकेले पायलट की थी। उन्होंने पायलट को मनाने के लिए बीते पांच दिनों में किए गए प्रयासों का हवाला दिया।