राजस्थान के दौसा में 15 साल की नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में कांग्रेस विधायक के बेटे और उसके पांच दोस्तों पर केस दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया कि विधायक के बेटे और उसके दोस्तों ने नाबालिग के साथ एक होटल में सामूहिक दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो भी बनाए।
इन्हें वायरल करने की धमकी देकर जेवरात और 15 लाख रुपए भी ले लिए। मंडावर थाने में दर्ज इस मामले की जांच पुलिस ने शुरू कर दी है। उधर, कांग्रेस विधायक जौहरी लाल मीणा ने कहा कि उनके बेटे दीपक मीणा को झूठे केस में फंसाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार आरोपियों ने 10वीं में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा को जिले के रैणी इलाके से पिछले साल 24 फरवरी को अगवा किया था। इसके बाद मंडावर थाना क्षेत्र के एक होटल में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात का अंजाम दिया। इसके बाद भी कई बाद दबाव बनाकर पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। आरोपियों ने छात्रा पर दबाव बनाने के लिए उसके अश्लील वीडियो भी बना लिए थे।
15 लाख रुपए और जेवरात भी लिए
जानकारी के अनुसार आरोपियों ने पीड़िता के अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे 15 लाख रुपए ओर जेवरात भी ले लिए। मंडावर थाना पुलिस ने पोक्सो एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।