राजस्थान के सह-प्रभारी नरेश यादव ने जयपुर में की प्रेस वार्ता।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी प्रदेश की सभी 200 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। चुनावी रैलियों का शंखनाद करने के लिए दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान 18 जून को श्रीगंगानगर आ रहे हैं। राजस्थान में बीजेपी-कांग्रेस के विकल्प के रूप में आम आदमी पार्टी लोगों के बीच आ चुकी है। ये बातें राजस्थान के सह-प्रभारी और दिल्ली के महरौली से विधायक नरेश यादव ने जयपुर में पत्रकार वार्ता में कहीं।
जयपुर संभाग प्रभारी यादव ने बताया कि पार्टी दौसा, सीकर, झुंझुनूं, अलवर और जयपुर में तिरंगा यात्रा निकाल रहे हैं। हमारा संगठन भी लगातार बढ़ता जा रहा है। यादव ने बताया कि 18 जून को श्रीगंगानगर में आयोजित की जाने वाली महारैली की तैयारियां की जा रही हैं।
हाल ही में जयपुर में 5 हजार से ज्यादा पदाधिकारियों ने शपथ ग्रहण की थी। जितने भी हमारे पदाधिकारी बनते जा रहे हैं उनका शपथ ग्रहण कार्यक्रम भी हो रहा है। प्रदेश स्तर और जिला स्तर पर हमारे पदाधिकारी बन चुके हैं। पंचायत स्तर तक पदाधिकारी बनाने का काम जारी है। संगठन के सिलसिले में आने वाले समय में बड़े कार्यक्रम किए जाएंगे, जिसमें दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पदाधिकारियों को शपथ दिलाएंगे।
बीजेपी और कांग्रेस से जनता परेशान
सह-प्रभारी नरेश यादव ने कहा कि राजस्थान में बीजेपी और कांग्रेस से जनता परेशान हो चुकी है। वहीं, आम आदमी पार्टी ने दिल्ली और पंजाब में स्वास्थ्य, शिक्षा के क्षेत्र में काम करके दिखाया है। अब उसी काम को लेकर हम राजस्थान की जनता के बीच जा रहे हैं। अगर, जनता ने मौका दिया तो आम आदमी पार्टी राजस्थान में शिक्षा और चिकित्सा व्यवस्था को बेहतर करेगी।