देश की स्वतंत्रता के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में कांग्रेस पार्टी ने साबरमती आश्रम से राजघाट तक आजादी गौरव यात्रा निकाली है। ये यात्रा शुक्रवार को राजस्थान के डूंगरपुर जिले के रतनपुर बॉर्डर पर पहुंची, जहां सीएम गहलोत ने यात्रा का स्वागत किया। इसके बाद सीएम गहलोत ने मीडिया से बातचीत करते समय जमकर भाजपा पर निशाना साधा।
उपद्रवी तत्व उकसाते रहे तो देश छोटे मुद्दों में उलझ जाएगा
सीएम ने कहा कि बिना शांति के विकास संभव नहीं है लेकिन कभी खाने को लेकर, पहनावे को लेकर तो कभी धार्मिक परंपराओं को लेकर यदि देश के लोग आपस में लड़ते रहेंगे और कुछ उपद्रवी तत्व उन्हें उकसाते रहेंगे तो ये देश इन छोटे मुद्दों में उलझा रह जाएगा और आगे कैसे बढ़ेगा? प्रधानमंत्री जी को देश की जनता से शांति की अपील कर देश के खराब होते माहौल को ठीक करने का प्रयास करना चाहिए। अगर देश के नागरिकों में आपस में मनभेद होगा तो वह देश के अच्छे भविष्य के लिए उचित नहीं होगा।
शिवराज योगीजी से प्रतिस्पर्धा करने लगे हैं
उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि देश के अंदर हालात बेहद चिंताजनक है। आज संविधान की धज्जियां उड़ रही है। आम नागरिक डरा हुआ कि पता नहीं कल क्या होगा। सीएम ने खरगौन में दंगा आरोपियों के घर गिराने पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि जिनके घर गिराए गए, उनमें निर्दोष भी होंगे। आपको निर्दोष और दोषी से कोई मतलब नहीं है। घर गिराए जा रहे हैं। शिवराज सिंह भी योगी जी से प्रतिस्पर्धा करने लगे हैं। मैंने कल भी कहा है कि मुख्यमंत्री-प्रधानमंत्री को कोई अधिकार नहीं है कि वो सीधा ही कह दे कि तुम जाकर किसी का मकान तोड़ दो।