जयपुर की बगरू विधानसभा में सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत चयनित मुहाना पंचायत में वन विभाग की 26 हेक्टेयर भूमि पर नगर वन बनने जा रहा है। केंद्र सरकार की तरफ से इसके लिए 1 करोड़ 4 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है, जिसकी पहली किश्त के रूप में 72 लाख 80 हजार रुपये की राशि राज्य सरकार को ट्रांसफर कर दी गई है।
जयपुर शहर से बीजेपी सांसद रामचरण बोहरा ने कहा कि हाल ही में जयपुर के खातीपुरा क्षेत्र में भी एक नगर वन केंद्र सरकार की तरफ से स्वीकृत हुआ है और मुहाना में भी नगर वन बनने से जयपुर में पर्यटन को और अधिक बढ़ावा मिलेगा। इससे जयपुर में हरियाली बढ़ेगी, मुहाना पंचायत सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत भी चयनित है। जिससे इसका विकास तेजी से हो रहा है।
मुहाना बर्ड सेंचुरी भी डवलप की जाएगी
सांसद रामचरण बोहरा ने कहा-मुहाना क्षेत्र में कोई पर्यटन स्थल नहीं होने के कारण बाहरी पर्यटक इस क्षेत्र में नहीं आ रहे थे। अब इस नगर वन के बनने से यहां के स्थानीय लोगों के लिए एक पर्यटन का स्थान भी विकसित होगा और उनके लिए यहां रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
इस नगर वन में चारों तरफ बाउंड्री वॉल बनाई जाएगी और उसकी फेंसिंग की जाएगी। नगर वन में सैर पर आने वाले लोगों के लिए ट्रैक बनेगा, इसमें बायो टॉयलेट्स लगाए जाएंगे और रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम भी लगाया जाएगा। यह नगर वन जयपुर ही नहीं जयपुर के बाहर से आने वाले पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र होगा। यहां कई प्रकार के पक्षी भी पाए जाते हैं, तो यहां एक बर्ड सेंचुरी भी विकसित की जाएगी। सांसद बोहरा ने शुक्रवार को बगरू विधानसभा में विकास कार्यों के लिए सांसद कोष से 30 लाख रुपये भी स्वीकृत किए।