चूरू में एक पिता ने दो युवकों के खिलाफ घर के बाहर खड़ी नाबालिग बेटी को किडनैप कर ले जाने का मामला दर्ज कराया है। नाबालिग के पिता ने जानकारी देते हुए बताया कि नौवीं क्लास में पढ़ने वाली उसकी बेटी को दो युवक घर के बाहर से बाइक पर बैठाकर किडनैप करके ले गए।
मामले की जांच कर रहे रतनगढ़ थाने के एसआई देवी सहाय ने बताया कि 27 अप्रैल की दोपहर करीब 3 बजे लड़की घर के बाहर खड़ी थी, तभी सवाई सिंह उर्फ पींटू बना और श्रीराम नायक नाम के दो युवक आए, जो नाबालिग को बाइक पर बैठाकर ले गए। परिवार वालों को इसके बारे में पता चलने पर पिता ने सवाई सिंह उर्फ पींटू से संपर्क किया तो उसने कहा कि आपकी बेटी को रात तक घर पर छोड़ देंगे।
परिवार के लोगों ने लड़कों के परिजनों से संपर्क किया, जिस पर उन्होंने कहा कि आपकी बच्ची आज रात तक आ जाएगी। इसके बाद भी नाबालिग का कोई सुराग नहीं लगा। घर के सामान की छानबीन में पता चला कि बेटी की शादी के लिए बनाए गए तीन तोले सोने के जेवर और 30 हजार रुपए भी गायब हैं। परिजनों ने मंगलवार को रिपोर्ट में दोनों युवकों पर नाबालिग का अपहरण करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है, पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।