यूं तो सांवलिया सेठ के मंदिर श्रद्धालु लाखों का चढ़ावा चढ़ाते हैं लेकिन चित्तौड़गढ़ निवासी प्रवीण लड्ढा ने अपनी पत्नी स्वीटी के जन्मदिन पर में भगवान को यह हेलीकॉप्टर भेंट कर सभी के कुशल मंगल की कामना की। करीब 400 ग्राम चांदी से निर्मित यह भेंट मंदिर मंडल के प्रशासनिक अधिकारी प्रथम एवं नायब तहसीलदार घनश्याम जरवाल, प्रशासनिक अधिकारी द्वितीय नंदकिशोर टेलर, मंदिर प्रभारी राजेंद्र शर्मा की मौजूदगी में भेंट कक्ष में प्रदान की गई। इससे पहले सभी ने मंदिर पहुंचकर भगवान सांवलिया सेठ के दर्शन कर आशीर्वाद मांगा। अपनी बनावट के कारण यह हेलीकॉप्टर श्रद्धालुओं में भी आकर्षण का केंद्र रहा।
इस हेलीकॉप्टर को हुबहू असल स्वरूप देने का प्रयास किया गया है और इसे रखने के लिए एक हैलीपेड और कांच के बॉक्स में रखने की व्यवस्था की, जिससे कि यह लंबे समय तक सुरक्षित रह सके। हेलीकॉप्टर हरीश सोनी के निर्देशन में बनाया गया और इसे बनाने में 20 दिन का समय लगा। हेलीकॉप्टर में महीन कारीगरी की गई है, जिससे कि इसके पंखे और पहिए हाथ से घूमते हैं।