जिले में पिछले 24 घंटे से बरसात का दौर जारी है। बड़े जलाशयों में शामिल गंभीरी बांध लबालब होकर छलक गया है। राजस्थान और मध्यप्रदेश में जारी तेज बरसात के कारण पानी की आवक लगातार जारी है, इसके चलते गंभीरी बांध के चार गेट खोल दिए गए हैं। साथ ही नदी के किनारों पर अलर्ट जारी करते हुए दूर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार प्रातः 8 बजे तक जिले में सबसे ज्यादा बरसात बड़ी सादड़ी में 73 एमएम एवं सबसे कम कपासन में 5 एमएम बरसात दर्ज की गई। कलक्ट्रेट कंट्रोल रूम के अनुसार जिले में बुधवार को प्रातः 8 बजे तक चित्तौड़गढ़ में 53 एमएम, बस्सी में 24, गंगरार में 33, राशमी में 18, कपासन में 5, बेगूं में 41, निम्बाहेड़ा में 54, भदेसर में 68, डूंगला में 53, बड़ी सादड़ी में 73 एवं भोपाल सागर में 7 एमएम वर्षा दर्ज की गई है।
जिले में एक जून से 4 सितंबर बुधवार तक सबसे ज्यादा बरसात भैंसरोडगढ़ में 873 एमएम व सबसे कम गंगरार में 578 एमएम बारिश दर्ज की गई। इधर गंभीरी बांध पर मध्यप्रदेश के जावदा के पास स्थित मोरवन बांध व इससे जुड़ी नदियों से बढ़ती पानी की आवक के चलते बुधवार को लगभग 12.50 पर बांध के चार गेट खोले गए हैं। सहायक अभियंता राधेश्याम जाट ने बताया कि वर्तमान में चार गेट 1 मीटर तक खोलने के बाद करीब डेढ़ फीट की चादर चल रही है। उन्होंने बताया कि पानी की बढ़ती आवक का आकलन करने के बाद और भी गेट खोले जा सकते हैं। उपखंड अधिकारी ने नदी किनारों रहने वाले लोगों को पानी से दूर रहने की सलाह दी है।