सांसद सीपी जोशी संयुक्त राष्ट्र महासभा में जाने वाले भारत सरकार के प्रतिनिधिमंडल की कमान संभालेंगे। केंद्र सरकार ने उन्हें इस प्रतिनिधिमंडल का टीम लीडर बनाकर न्यूयॉर्क भेजने का निर्णय लिया है। सांसद जोशी ने इस जिम्मेदारी और अवसर के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एक साधारण कार्यकर्ता को दुनिया के 193 देशों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी वाले अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलना बहुत बड़ी बात है।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर बड़ी जिम्मेदारी
सांसद सीपी जोशी ने कहा कि वैश्विक मंच पर भारत की बात रखने का अवसर मिलना उनके लिए गंभीर दायित्व है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय चित्तौड़गढ़ संसदीय क्षेत्र की जनता के विश्वास और आशीर्वाद को दिया। उनके अनुसार यह अवसर केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं है, बल्कि देश के हितों को ध्यान में रखते हुए काम करने की बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने भरोसा दिया कि वह इस दायित्व को पूरी गंभीरता और निष्ठा के साथ निभाने की कोशिश करेंगे।
ये भी पढ़ें: जयपुर: आरसीए के चुनाव में बढ़ी सियासी हलचल, दिग्गजों के बेटों ने भरे नामांकन, अध्यक्ष समेत कई पदों पर दावेदारी
क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि
संयुक्त राष्ट्र महासभा में हर साल दुनिया के विभिन्न देशों के प्रतिनिधि एकत्र होते हैं। यह मंच अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शांति, सुरक्षा, विकास, पर्यावरण और आर्थिक सहयोग सहित अन्य कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा के लिए काम करता है। भारत इस वैश्विक मंच पर लगातार अपनी बात रखता आया है। ऐसे में चित्तौड़गढ़ के सांसद को प्रतिनिधिमंडल का टीम लीडर बनाया जाना इस पूरे क्षेत्र और मेवाड़ के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।