सिरोही के रोहिड़ा थाना क्षेत्र के जायदारा में होली के दिन पुरानी रंजिश को लेकर दो गुट आपस में भीड़ गए। इस दौरान एक युवक पर धारदार हथियार से हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो युवक घायल हो गए। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार रोहिड़ा थाना क्षेत्र के जायदरा गांव में निचलागढ मार्ग पर क्यारिया और जायदरा के दो गुट पुरानी रंजिश को लेकर आपस में भीड़ गए। दोनों गुटों के बीच हुए खूनी संघर्ष में जायदरा निवासी पाबू पुत्र भोमा गरासिया की धारदार कुल्हाड़ी के वार से घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई।
वहीं भिड़ंत में दूसरे पक्ष क्यारी निवासी बचुरा पुत्र भोमा गरासिया और माना राम पुत्र रामाराम गरासिया तलवार के वार से गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को आबूरोड में प्राथमिक उपचार के बाद सिरोही रेफर किया गया है। सूचना पर रोहिड़ा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को रोहिड़ा मोर्चरी रखवाया। मौके पर तनाव की स्थिति को देखते हुए सीओ जेठूसिंह, पिण्डवाड़ा थानाधिकारी चंपाराम, स्वरूपगंज थानाधिकारी हरिसिंह सहित भारी मात्रा में पुलिस जाब्ता तैनात रहा।
दो गिरफ्तार
पुलिस ने मौके पर शांति बनाए रखने के लिए दोनों पक्षों से अपील की, जिस पर मामला शांत हुआ। मामले में पुलिस ने क्यारी निवासी बचुरा पुत्र भोमा गरासिया और मानाराम पुत्र रामाराम गरासिया को हत्या के मामले में गिरफ्तार किया है।