सांसद डॉ. मनोज राजोरिया
- फोटो : Amar Ujala Digital
करौली-धौलपुर संसदीय क्षेत्र से बीजेपी के लोकसभा सांसद डॉ. मनोज राजोरिया की जुबान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम में फिसल गई। जुबान ऐसी फिसली कि राजस्थान प्रदेश में कांग्रेस सरकार की वापसी का ऐलान ठोक दिया। इस बीच कार्यक्रम के दौरान एक कार्यकर्ता सांसद के पास पहुंचा, तब भूल सुधारने के लिए कहा गया। जब सांसद को अपनी गलती का एहसास हुआ, तो सांसद ने कांग्रेस सरकार पर जुबानी हमला बोल दिया। गलती सुधारते हुए कहा, कांग्रेस की सरकार जाएगी और बीजेपी की सरकार आएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रविवार को करौली धौलपुर संसदीय क्षेत्र के विधानसभा क्षेत्र सपोटरा में वर्चुअल तरीके से मन की बात कार्यक्रम का प्रसारण किया जा रहा था। मन की बात कार्यक्रम के दौरान सांसद डॉ. मनोज राजोरिया स्पीच देने के लिए खड़े हो गए। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा राजस्थान प्रदेश में अधिकारी कमीशन खोरी लेते हैं। कमीशन खोरी से ही विधायकों को खुश किया जा रहा है। इसके बाद सांसद की जुबान फिसल गई और कहने लगे राजस्थान में फिर से कांग्रेस की सरकार वापसी करेगी। सांसद के स्पीच के दौरान एक कार्यकर्ता उठकर उनके पास पहुंच गया। कार्यकर्ता ने भूल सुधारने के लिए इशारा किया। तो भूल सुधारने के बाद सांसद राजोरिया ने फिर से सूबे की कांग्रेस सरकार पर जुबानी हमला बोला। उन्होंने कहा कांग्रेस की सरकार जाएगी और कमल की सरकार वापसी करेगी।
सोशल मीडिया पर हो रहा वीडियो वायरल, सांसद हुए ट्रोल
करौली-धौलपुर सांसद डॉ. मनोज राजोरिया की जुबान फिसलने का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। सांसद द्वारा प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम में कांग्रेस सरकार की वापसी का हवाला दिया था। जिसे लेकर कांग्रेसी कार्यकर्ता भी सोशल मीडिया पर उनके इस वीडियो को वायरल कर रहे हैं और कह रहे हैं कि आखिर सांसद के मुंह से सच निकल ही गया। कांग्रेस पार्टी के नेता और पदाधिकारी भी वीडियो वायरल करने से नहीं चूक रहे हैं। फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर पर सांसद को ट्रोल कर वीडियो वायरल किए जा रहे हैं।