राजस्थान में राज्यसभा की चार सीटों के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस विधायकों की ओर से क्रॉस वोटिंग की संभावना जताई जा रही थी लेकिन भाजपा विधायक शोभारानी कुशवाह ने क्रॉस वोटिंग कर दी। अब भाजपा ने शोभारानी को पार्टी से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही भाजपा की केंद्रीय अनुशासन समिति ने शोभरानी को कारण बताओ नोटिस जारी कर सात दिन के अंदर जवाब मांगा है।
बता दें कि धौलपुर से भाजपा विधायक शोभारानी कुशवाह ने भाजपा के घनश्याम तिवाड़ी के बजाय कांग्रेस के प्रमोद तिवारी को वोट दे दिया। शोभारानी वसुंधरा की करीबी मानी जाती हैं। इसके साथ ही उनके पति बीएल कुशवाह इस वक्त जेल में हैं। वहीं भाजपा विधायक सिद्धि कुमारी ने भी वोट देने में गड़बड़ी कर दी। उन्होंने पार्टी के घनश्याम तिवाड़ी को वोट दे दिया, जबकि उन्हें निर्दलीय सुभाष चंद्रा के पक्ष में वोट डालना था।