मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा पर बोला हमला।
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुरुवार को एक बार फिर भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा को भरोसा हो गया है कि कितनी भी महंगाई बढ़ जाए पर वह धार्मिक ध्रुवीकरण से चुनाव जीत लेगी। उन्होंने कहा कि आप आप सब तैयारी कर लें, 2023 में प्रदेश के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को करारा जवाब देकर राजस्थान से सूपड़ा साफ कर देना है।
सीएम गहलोत ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि हर हिंदुस्तानी के दिल में देशभक्ति है। नेहरू-गांधी परिवार के प्रति देशवासियों का विश्वास भी देशभक्ति के लिए किए गए त्याग के कारण ही मिला है। इतिहास गवाह है कि देश की आजादी के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू 10 साल से अधिक समय तक जेलों में बंद रहे। इंदिरा गांधी युवावस्था में आजादी की लड़ाई में जेल गईं। इंदिरा और राजीव जी ने देश के लिए अपनी शहादत दे दी।
उन्होंने कहा कि 30 साल से गांधी-नेहरू परिवार का कोई व्यक्ति किसी भी संवैधानिक (प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री/मंत्री) पद पर नहीं रहा। सोनिया गांधी ने 2004 में प्रधानमंत्री पद का भी त्याग कर दिया था। कांग्रेस पार्टी गांधी-नेहरू परिवार के नेतृत्व में विश्वास करती है। प्रधानमंत्री इस पर कटाक्ष करें तो यह पद की गरिमा के खिलाफ है। सीएम ने कहा कि पीएम मोदी नेहरू जी का अपमान करने का प्रयास हैं, लेकिन वह देश के पूर्व प्रधानमंत्रियों द्वारा किए गए योगदान और उनकी शहादत पर एक शब्द भी नहीं बोलते, यह पूरा देश जानता है।