केकड़ी-जयपुर रोड़ पर धुवालिया गांव के पास रोड़वेज बस की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि घटना में एक महिला एवं किशोर घायल हो गया। घायलों को उपचार के लिए अजमेर रेफर कर दिया गया है।
केकड़ी-जयपुर रोड़ पर धुवालिया गांव के पास रोड़वेज बस की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि घटना में एक महिला एवं किशोर घायल हो गया। घायलों को उपचार के लिए अजमेर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक, हिंगोनिया निवासी राजाराम कीर पुत्र सत्यनारायण (उम्र 20 वर्ष), सुरज्ञानी पत्नि महादेव नाथ योगी (उम्र 35 वर्ष) और राहुल पुत्र महादेव नाथ (योगी उम्र 14 वर्ष) बाइक पर सवार होकर केकड़ी आए थे। केकड़ी में समूह लोन की किस्त जमा कराने के बाद वापस अपने घर लौट रहे थे। उसी दौरान धुवालिया चौराहे के पास सामने से आ रही एक रोड़वेज बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। रोड़वेज बस की टक्कर से बाइक सवार तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर आस-पास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। तीनों को उपचार के लिए केकड़ी के राजकीय अस्पताल लाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने राजाराम कीर को मृत घोषित कर दिया। उनके अलावा सुरज्ञानी व राहुल को प्राथमिक उपचार के बाद अजमेर रेफर कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर सिटी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को मोर्चरी में रखवाया है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने रोड़वेज बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही बस को भी अपने कब्जे में ले लिया है।
विज्ञापन
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक राजाराम मजदूरी का काम करता था। मृतक अपने परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था। परिवार में दो भाई व एक बहन है। घटना की जानकारी मिलते ही घर में कोहराम मच गया।