बीकानेर से एक गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया, जहां जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी ईमेल के जरिए दी गई। सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया और एहतियात के तौर पर कलेक्ट्रेट परिसर को तुरंत खाली कराया गया। पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेते हुए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने मोर्चा संभाल लिया। मौके पर एएसपी चक्रवर्ती सिंह राठौर और थानाधिकारी सुरेंद्र पचार के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात किया गया, वहीं बम निरोधक दस्ता भी मौके पर पहुंचा।
सघन तलाशी अभियान, हर संदिग्ध वस्तु की जांच
घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया। हर कमरे, कोने और संदिग्ध वस्तु की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते निष्क्रिय किया जा सके। इससे पहले भी शहर के कोर्ट, डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय को इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं, जिसके चलते सुरक्षा एजेंसियां पहले से सतर्क हैं।
जांच के सभी एंगल पर काम, ईमेल स्रोत की तलाश
जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच तेज कर दी गई है, ताकि जिम्मेदार लोगों तक जल्द पहुंचा जा सके। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी तरह की ढील नहीं बरती जा रही है।
दौसा कलेक्ट्रेट को दूसरी बार धमकी, तलाशी में कुछ नहीं मिला
दौसा में भी कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत परिसर को खाली कराकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। हर ऑफिस और कमरे की गहन जांच की गई, हालांकि कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इससे पहले 4 मई को भी इसी तरह की धमकी मिल चुकी है। लगातार मिल रही इन धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।
लगातार मिल रहीं धमकियां, सुरक्षा पर उठ रहे सवाल
प्रदेश में बार-बार सामने आ रही ऐसी धमकियों के बावजूद अब तक धमकी देने वाले व्यक्ति या गिरोह तक एजेंसियां नहीं पहुंच पाई हैं। इससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं और यह भी चुनौती बनी हुई है कि आखिर इन धमकियों के पीछे कौन है।
अलवर में पासपोर्ट सेवा केंद्र को चौथी बार धमकी
अलवर शहर स्थित हेड पोस्ट ऑफिस में पासपोर्ट सेवा केंद्र को भी बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला, जिससे वहां अफरातफरी मच गई। पोस्टमास्टर रतनलाल मीणा के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे मिले ईमेल में साइनाइड गैस और बम होने की बात कही गई थी। इसके बाद तुरंत कर्मचारियों और आम लोगों को बाहर निकाला गया और पुलिस व सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं।
पढ़ें- भारत-पाकिस्तान सीमा पर क्यों हुई सख्ती?: छह शहरों के 3 किमी क्षेत्र पर पाबंदी, बिना अनुमति किसी को प्रवेश नहीं
जांच जारी, सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई
अलवर में यह चौथी बार है जब पासपोर्ट सेवा केंद्र को इस तरह की धमकी मिली है। पूरे परिसर की गहन जांच की गई, हालांकि कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। ईमेल क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय जयपुर को भेजा गया था, जिसे आगे संबंधित विभागों को फॉरवर्ड किया गया। पुलिस साइबर टीम की मदद से ईमेल भेजने वाले की पहचान में जुटी है और सभी स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें। जांच एजेंसियां तकनीकी माध्यमों से मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं, ताकि इन घटनाओं के पीछे की सच्चाई सामने लाई जा सके।