लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और भाजपा अपने-अपने स्तर पर तैयारी में जुटी हुई है। इसी के चलते बीकानेर में कांग्रेस के पदाधिकारियों के संवाद कार्यक्रम को संबोधित करने पार्टी अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष और प्रदेश प्रभारी मंगलवार को बीकानेर पहुंच रहे हैं।
मंगलवार को शहर में लोकसभा क्षेत्र के तय पदाधिकारियों का संवाद कार्यक्रम रखा गया है। इसमें पार्टी के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रदेश अध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली शहर-देहात के कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।
लोकसभा प्रत्याशियों के नाम तय करने को लेकर पार्टी केंद्र और प्रदेश स्तर पर सर्वे कर रही है। सर्वे और नेताओं की गोपनीय रिपोर्ट में बीकानेर से लोकसभा उम्मीदवार के लिए तीन नेताओं के नाम उभरकर आ रहे हैं। इनमें पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल, 2019 में प्रत्याशी रहे मदन मेघवाल और जिला प्रमुख मोडाराम मेघवाल का नाम शामिल है।
बहरहाल कांग्रेस विधानसभा चुनाव की तरह लोकसभा चुनावों में प्रत्याशी के चयन को लेकर देर नहीं करना चाहती क्योंकि इससे पार्टी को नुकसान उठाना पड़ सकता है।