मेडिकल कॉलेज सभागार में सोमवार को संभाग स्तरीय अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में शिक्षा और पंचायती राज विभाग मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि शिक्षक बच्चों को शिक्षित बनाने के साथ संस्कारवान बनाएं।
राजकीय कार्यालयों में साफ-सफाई, कार्मियों की समय पर उपस्थिति के लिए भी निर्देश दिए। शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रत्येक विभाग के अधिकारी अपने कार्यों को पूरी निष्ठा और लगन से संपादित करें। माह में एक बार विद्यालयों का स्टाफ मिलकर स्कूल परिसर की सफाई करें।
शिक्षक रोजाना अप-डाउन न करें
उन्होंने कहा कि सकारात्मक वातावरण में ही विद्यार्थी अपना सर्वांगीण विकास कर सकेंगे। शिक्षा अधिकारियों को स्कूलों के नियमित निरीक्षण करने के निर्देश देते हुए शिक्षामंत्री मदन दिलावर ने कहा कि हमारे स्कूलों में मौजूद संसाधनों का कुशलतम उपयोग हो, ये सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में शिक्षक रोजाना अप-डाउन न करें, ये स्वीकार नहीं किया जाएगा। अध्यापक स्वयं पढ़कर कक्षाओं में जाएं।
सफाई एक नियमित प्रक्रिया है
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए दिलावर ने कहा कि जिले के 193 मॉडल गांवों में स्वच्छता कार्यों का भौतिक सत्यापन किया जाए। सफाई एक नियमित प्रक्रिया है इसे बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारी नियमित निरीक्षण करें और रिपोर्ट दें।
प्रत्येक कार्य समय सीमा में पूरे हो
विधायक निधि कोष के प्रस्तावों को समय पर वित्तीय स्वीकृति मिले, ये भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्य समय सीमा में पूरे हो, इस संबंध में विशेष मॉनिटरिंग की जाए।
पंचायती राज मंत्री ने कहा कि यदि कार्यों की गुणवत्ता में शिकायत पाई गई, तो ग्राम सेवक से लेकर उच्च अधिकारी तक की जिम्मेदारी तय की जाएगी। किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार स्वीकार नहीं होगा।