शादी की मिठाई खाने से 20 लोग बीमार
- फोटो : अमर उजाला
शहर में एक विवाह समारोह से पहले मिठाई खाने के बाद करीब 20 लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इनमें एक ही परिवार के 13 सदस्य शामिल हैं, जिन्हें उपचार के लिए पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार राधाकिशन कॉलोनी निवासी एक परिवार में 22 जुलाई को विवाह समारोह प्रस्तावित है। इसी सिलसिले में घर में शादी से जुड़े कार्यक्रम चल रहे थे। परिजनों ने बताया कि सुजानदेसर स्थित एक दुकान से चमचम मिठाई मंगवाई गई थी। देर रात परिवार के लोगों ने छेने से बनी यह मिठाई खाई, जिसके कुछ समय बाद कई लोगों को उल्टी, पेटदर्द और बेचैनी की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते एक दर्जन से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें तत्काल पीबीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां सभी को एचआई वार्ड में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम भी अस्पताल पहुंच गई।
ये भी पढ़ें: Banswara News: मानगढ़ धाम में भील प्रदेश को लेकर उठी हुंकार, महासम्मेलन में जुटे हजारों आदिवासी
डिप्टी सीएमएचओ डॉ. लोकेश गुप्ता ने बताया कि प्रभावित सभी लोग राधाकिशन कॉलोनी के निवासी हैं। प्रारंभिक तौर पर मामला मिठाई खाने के बाद फूड पॉइजनिंग का प्रतीत हो रहा है। अस्पताल में भर्ती मरीजों में मुकेश, बाबूलाल, देवीलाल, बद्रीलाल, राजू देवी, मनीषा, मोनू, नीलम, लक्ष्मण, गुड्डू, आरती और भोजराज सहित अन्य लोग शामिल हैं, फिलहाल सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मिठाई के नमूने लेकर जांच कराई जाएगी, ताकि लोगों की तबीयत बिगड़ने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। शादी की तैयारियों के बीच हुई इस घटना से परिवार की खुशियां चिंता में बदल गई हैं।