गाेदारा गैंग के गुर्गे के मकान पर चला प्रशासन का बुलडोजर
- फोटो : अमर उजाला
हार्डकोर अपराधियों और गैंगस्टरों के खिलाफ राजस्थान पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को बीकानेर के गंगाशहर थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर हरिओम रामावत के खिलाफ प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार हरिओम रामावत गैंगस्टर रोहित गोदारा गिरोह का सक्रिय सदस्य है। कार्रवाई के दौरान उसके अवैध निर्माण और मकान की बालकनी को ध्वस्त कर दिया गया।
यह कार्रवाई रेंज आईजी ओमप्रकाश और जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में की गई। अभियान की निगरानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चक्रवर्ती सिंह राठौड़ ने की। मौके पर सीओ हिमांशु शर्मा, गंगाशहर थानाधिकारी परमेश्वर सुथार और बीडीए तहसीलदार आकांक्षा गोदारा सहित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस के अनुसार हरिओम रामावत के खिलाफ लूट, हत्या के प्रयास, डकैती, फायरिंग, धमकी समेत करीब 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल वह फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। प्रशासन ने अवैध निर्माण को ध्वस्त करने के साथ संबंधित नोटिस भी जारी किया है।
ये भी पढ़ें: Govind Dotasra on Vasundhara Raje: वसुंधरा 'दुखी आत्मा', उनकी बात BJP की अंदरूनी कलह का संकेत: डोटासरा
रोहित गोदारा के ठिकाने पर भी हुई थी कार्रवाई
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले गैंगस्टर रोहित गोदारा से जुड़े ठिकाने पर भी बुलडोजर कार्रवाई की गई थी। उस दौरान रेंज आईजी ओमप्रकाश ने पत्रकारों के सवाल पर कहा था- "कौन है यह रोहित गोदारा, कोई जेबकतरा है क्या? मैं किसी रोहित गोदारा को नहीं जानता।" उनका यह बयान काफी चर्चा में रहा था।
पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध और संगठित अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए गैंगस्टरों, हार्डकोर अपराधियों और उनके नेटवर्क के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।