घटना की जानकारी देते पुलिस अधिकारी।
- फोटो : Amar Ujala Digital
भरतपुर जिले के उद्योग नगर थाना इलाके में रीको औद्योगिक एरिया में पंजाब नेशनल बैंक में शुक्रवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने बैंक में लूट की वारदात को अंजाम दिया। बैंक में कोई भी गार्ड तैनात नहीं था। दो बदमाश बैंक में घुसे उनका एक साथी गेट पर खड़ा रहा। बैंक में अंदर घुसे बदमाशों में एक ने हेलमेट लगा रखा था और दूसरे ने चेहरे पर मफलर बांध रखा था। बदमाश ने मैनेजर के पास जाकर स्लिप ली। कुछ देर बाद ही हवाई फायर करते हुए मैनेजर से कैश को लूटकर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि बैंक में 23000 रुपये कैश था, जिसे बदमाश लूट कर ले गए। बदमाश बैंक में करीब 8 से 10 मिनट रुके, लेकिन इस दौरान बैंक कर्मचारियों की गलती रही कि बैंक कर्मचारियों ने उनको किसी भी तरह से नहीं टोका। घटना की सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची चारों तरफ नाकाबंदी कराई गई।
पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा घटनास्थल पर पहुंचे और बैंक कर्मचारियों से पूछताछ की। बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के आधार पर अब बदमाशों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा। डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्रित किए हैं।