भरतपुर में डीग जिले के गांव इकलेरा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में पोषाहार में लापरवाही के चलते नौनिहालों की जिंदगी से खिलवाड़ का मामला सामने आया है। शिक्षा विभाग के जिम्मेदारों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। पोषाहार के खाने में बच्चों को दी गई सब्जी में कीड़े निकलने से स्कूल में हड़कंप मच गया।
इस बारे में स्कूल के छात्र और छात्राओं ने अपने परिवार जनों को पोषाहार में दी गई कीड़े युक्त सब्जी के लिए बताया, जिस पर परिजनों ने स्कूल जाकर अध्यापक हरेंद्र से बात करने की कोशिश की, तो अध्यापक उल्टा अपनी गलती मानने के स्थान पर छात्रों के परिजनों से अभद्रता से पेश आकर तैश में आ गया और परिजनों से उलझ गया। गुस्साए परिजनों ने घटना को लेकर सब्जी को कब्जे में लेकर मौके पर पहुंचे मीडियाकर्मियों को सब्जी में कीड़े तैरते हुए दिखाए।
इस पूरी घटना को लेकर सीबीईओ अतुल चतुर्वेदी से बात की तो कैमरे के सामने आने में असमर्थता जाहिर करते हुए अतुल चतुर्वेदी ने कहा कि जांच की जाएगी। जांच में जो भी दोषी होगा, कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पोषाहार प्रभारी अध्यापक हरेंद्र से बात करने की कोशिश की तो वह मीडियाकर्मियों से बचते हुए स्कूल से बाहर निकल गए।
ग्रामीणों का कहना है, हम स्कूल की कमियों को लेकर कई बार स्कूल के प्रधानाध्यापक अशोक कुमार जैन से मिल चुके हैं। लेकिन अभी तक कमियों में कोई सुधार नहीं आया। इस बात को लेकर ग्रामीणों में अच्छा खासा रोष व्याप्त हैl ग्रामीणों का कहना है, यहां पर कोई भी अध्यापक समय पर नहीं आता है और वह क्लासों में नहीं जाता है। बच्चे लंच के बाद स्कूलों में नहीं जाते। आए दिन स्कूली कर्मचारियों का यही रवैया देखने को मिलता है। ग्रामीणों का कहना है सब्जी में कीड़े निकलने की परेशानी को लेकर अगर अध्यापकों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वह स्कूल के सामने प्रदर्शन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी उच्च अधिकारियों की होगीl