भरतपुर के रुदावल थाना इलाके में 29 मार्च को एक युवक ने अपने चाचा की हत्या कर दी थी। आरोपी को पुलिस ने 24 घंटे के अंदर ही गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पकड़ने के लिए दो टीमों का गठन किया गया था। अपने चाचा से युवक ने अपनी मां की बेज्जती का बदला लेने के लिए सरिया से मारपीट की थी। जिसमें व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था। इलाज के दौरान व्यक्ति की मौत हो गई।
ब्रह्मवाद निवासी प्रदीप ने रुदावल थाने में मामला दर्ज करवाते हुए बताया था कि 29 मार्च को सुबह 10 बजे मेरे पिता राधेश्याम मेले से बल्लियां निकालकर घर आ रहे थे। रास्ते में हमारे गांव के रोहित और जीजा ने पोस्ट ऑफिस के पास मेरे पिता को रोक लिया और सरियों से उसके साथ मारपीट कर की। राधेश्याम के शरीर में अंदरूनी चोटें आईं। उन्हें तुरंत बयाना अस्पताल लेकर जाया गया। वहां से उन्हें भरतपुर के आरबीएम अस्पताल रेफर कर दिया। आरबीएम अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई।
26 जनवरी से वीडियो बनाने को लेकर हुआ था विवाद
मृतक राधेश्याम की पत्नी बत्तो देवी ने बताया कि प्रदीप और उसका दोस्त गांव में ही पानी की टंकी पर नहा रहे थे। तब दोनों बात कर रहे थे कि आज 26 जनवरी है गांव के स्कूल में डांस की वीडियो बनाने चलेंगे। रोहित की मां सुशीला वहीं खड़ी थी। रोहित की बहन का स्कूल में डांस का प्रोग्राम था। रोहित की मां को लगा कि यह मेरी बेटी की वीडियो बनाने की बात कर रहे हैं। रोहित की मां ने प्रदीप से मौके पर ही कहासुनी कर दी और घर आकर प्रदीप की माता-पिता से गाली-गलौज कर दी। दोनों के बीच विवाद हो गया।
मां से गाली गलौज का बदला लेने के लिए किया मर्डर
2 महीने से दोनों परिवार में रंजिश चल रही थी। रोहित चेन्नई में नौकरी करता है। वह होली पर छुट्टी आया था। होली से दो दिन पहले वह अपने मामा के यहां चला गया। 28 मार्च को वह अपने मामा के यहां से अपने घर आ गया। रोहित को पता लगा कि, जब वह चेन्नई में था तो, राधेश्याम ने उसकी मां से कहासुनी की, और गालियां भी दी। इसलिए रोहित 28 मार्च से अपने परिवार के चाचा राधेश्याम से बदला लेने के लिए घूम रहा था।