भरतपुर के सेवर थाना इलाके में शुक्रवार शाम सड़क हादसे में दो महिलाओं की जान चली गई। एक ट्रेलर ने रोड क्रॉस कर रही एक बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में सास और बहू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ससुर गंभीर रूप से घायल हो गया। बहू अपनी ननद से मिलने के सास-ससुर के साथ सेवर आई थी। तीनों एक ही बाइक से जब घर जा रहे थे उस दौरान हादसा हो गया। टक्कर मारने के बाद चालक ट्रेलर लेकर भाग गया।
नवाब सिंह उम्र 54 साल निवासी बिसदा थाना सेवर अपने पत्नी तारा (50) और अपने बेटे रोहित की पत्नी शिवानी (20) के साथ अपनी बेटी से मिलने के लिए सेवर कस्बे गया था। वहां से तीनों एक बाइक पर लौट कर अपने गांव बिसदा आ रहे थे। इस दौरान जब उन्होंने गांव जाने के लिए महुआ सिनपिनी चौराहे से नेशनल हाईवे क्रॉस किया। तभी एक ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में नवाब सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। तारा और शिवानी की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रेलर चालकर टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया।
आसपास के लोगों ने सेवर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और हाईवे की एंबुलेंस से नवाब सिंह को अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं 108 एम्बुलेंस से तारा और शिवानी के शव आरबीएम अस्पताल पहुंचाए गए। डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद दोनों के शव मोर्चरी में रखवा दिए गए।
दो माह पहले ही हुई थी शादी
नवाब सिंह के परिजनों ने बताया कि नवाब सिंह आरएसी में तैनात थे। वह छुट्टी पर घर आये हुए थे। उन्होंने 16 फ़रवरी को ही अपने बेटे की शादी शिवानी से की थी। शिवानी की शादी को अभी दो महीने भी पूरे नहीं हुए थे। आज हुए हादसे में शिवानी और उसकी सास तारा की मौत हो गई।