जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण जगह-जगह जलभराव के चलते आम जनजीवन बेहाल है। जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी की निकासी को लेकर लोगों ने आज भरतपुर-अलवर स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया। एक घंटे तक चले इस जाम के कारण वाहनों की दो किमी तक लंबी कतार लग गई। गौरतलब है कि दो दिन पहले भी इसी समस्या को लेकर जाम लगाया गया था।
लगातार बारिश के चलते आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। शहर और गांवों में सभी जगह जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। डीग जिले के कुम्हेर कस्बा स्थित पंत सागर कॉलोनी में बारिश का पानी जमा होने से पानी की निकासी को लेकर लोगों ने आज दूसरी बार भरतपुर-अलवर मार्ग को जाम कर दिया। लोगों ने अपनी मांग को लेकर एक घंटे जाम लगाकर रखा, जिसके चलते दो किमी तक वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन बाधित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम की सूचना पर स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर लोगों से समझाइश की और समस्या के समाधान का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। गौरतलब है कि दो दिन पहले भी इसी समस्या को लेकर जाम लगाया गया था।
मानसूनी बारिश से पंत सागर कॉलोनी में करीब एक माह से जलभराव की स्थिति बनी हुई है, बरसात का पानी घरों में प्रवेश कर चुका है। स्थानीय निवासी रीना कुमारी ने बताया कि प्रशासन और नगर पालिका प्रशासन को कई बार समस्या से अवगत करा चुके हैं लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ, जिसके चलते कॉलोनीवासियों ने रविवार को पानी की निकासी की मांग को लेकर भरतपुर-अलवर स्टेट हाइवे को जाम कर दिया। जाम की सूचना पर कुम्हेर तहसीलदार संदीप कुमार, नगर पालिका ईओ कुलदीप फौजदार सहित पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
जानकारी के मुताबिक पंत सागर कॉलोनी में कुछ लोगों ने पानी के निकासी मार्ग पर अतिक्रमण कर रखा है, जिसके चलते पानी की निकासी के लिए कोई रास्ता नहीं है और वह कॉलोनी में ही जमा हो गया है। यही कारण है कि जलभराव के चलते कॉलोनीवासियों को नारकीय जीवन जीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।