भरतपुर में अमोली टोल प्लाजा पर कुलदीप हत्याकांड के मामले में आरोपियों की गिरफ़्तारी को लेकर कुलदीप और विजयपाल के परिजन एसपी ऑफिस पहुंचे। सभी लोग एसपी मृदुल कच्छावा से मिले और आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। इसके अलावा परिजनों की मांग है कि DST में कार्यरत कांस्टेबल अजब सिंह को कुलदीप हत्याकांड की जांच होने तक जिले से बाहर रखा जाए।
परिजनों का कहना है कि कुलदीप हत्याकांड का मुख्य आरोपी कृपाल का भाई कांस्टेबल रवींद्र, कृपाल का बेटा आदित्य, रवींद्र का दोस्त कांस्टेबल पुष्कर और कृपाल की पत्नी को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है।
बता दें कि कुलदीप हत्याकांड को नौ दिन बीत चुके हैं। इसलिए नामजद आरोपी अजब सिंह जो कि पुलिस की जिला स्पेशल टीम में कार्यरत है। उसे हत्याकांड की जांच होने तक जिले से बाहर रखा जाए। क्योंकि अजब सिंह हत्याकांड की जांच को प्रभावित कर सकता है। इसके अलावा कृपाल की पत्नी जो, टोल टैक्स पर बस से उतरती हुई दिखाई दे रही है, उस पर एक बैग था, जिसमें हथियार थे। उन्हीं हथियारों से हत्याकांड को अंजाम दिया गया। कृपाल की पत्नी के साथ हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जाए।