दिल्ली में पहलवानों के साथ किए गए पुलिस के दुर्व्यवहार के विरोध में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भरतपुर में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बृजभूषण शरण सिंह, गृहमंत्री अमित शाह के प्रतीकात्मक पुतलों का दहन बिजलीघर चौराहे पर किया।
भरतपुर में यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह ने कहा कि एक तरफ तो लोकतंत्र के सबसे बड़े मंदिर नवीन "संसद भवन" के उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया था तो वहीं दूसरी ओर दिल्ली पुलिस द्वारा विश्व पटल पर देश का नाम रोशन करने वाली हमारे देश की बेटियों के साथ बर्बरतापूर्ण व्यवहार किया गया, जोकि सरासर निंदनीय है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि देश की बेटियों के साथ न्याय नहीं किया गया तो देश की सड़कों पर यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता उग्र आंदोलन करेंगे। इसकी जिम्मेदार केन्द्र सरकार होगी। इसी को लेकर यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शहर के बिजली घर चौराहे पर केंद्र की सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। प्रदर्शन में यूथ कांग्रेस के साथी एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष बन्नो गुर्जर और काफी कार्यकर्ता मौजूद रहे।