रिश्वत लेने वाला एएसआई एएसआई खुशीराम
- फोटो : अमर उजाला
भरतपुर जिले के बयाना थाने के अधीन कैलादेवी झील पुलिस चौकी के इंचार्ज एएसआई खुशीराम का एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें वह एक व्यक्ति से पैसे ले रहा है। बताया जा रहा है कि मारपीट के एक मामले में नाम निकालने के लिए ये रिश्वत ली गई है।
वीडियो में पैसे देते दिख रहे व्यक्ति की पहचान गांव नगला धोर निवासी एडवोकेट हरिमोहन के रूप में हुई है। वीडियो चौकी परिसर में बने एएसआई के क्वार्टर का बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद भरतपुर एसपी मृदुल कच्छावा ने एएसआई खुशीराम को सस्पेंड कर दिया है। वीडियो में एएसआई पैसे गिनने के बाद 8 हजार की जगह 10 हजार रुपए देने की बात भी कह रहा है।
दरअसल, बयाना के गांव बरखेड़ा निवासी भूपेंद्र नाम के एक व्यक्ति ने एक वीडियो जारी कर एएसआई खुशीराम पर आरोप लगाया है कि एक मुकदमे में उसे और उसके बेटे को झूठा फंसाया जा रहा था। मुकदमे में से नाम निकालने के लिए एएसआई लगातार दबाव बनाकर परेशान कर रहा था। उसने मुकदमे में से निकालने के लिए किसी व्यक्ति से एएसआई खुशीराम को रिश्वत दिलवाई है।
जिसका प्लानिंग के तहत वीडियो बनाया गया है। वहीं एएसआई खुशीराम का कहना है कि पैसे दे रहा वकील हरिमोहन उसका रिश्तेदार है। जो उधार दिए हुए पैसे उसे वापस कर रहा है। किसी स्टाफ के व्यक्ति ने रंजिशवश इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया है। एएसआई खुशीराम का कहना है कि बरखेड़ा गांव का भूपेंद्र नाम का व्यक्ति एक मुकदमे में वांछित चल रहा है। जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास किया जा रहे हैं।