लोगों को ठगने के लिए साइबर ठग लगातार नए नए तरीके अपनाते रहते हैं। राजस्थान के जयुपर में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया है। साइबर ठग ने व्हाट्सएप पर एसीबी एडीजी का फोटो लगाकर ठगी करने का प्रयास किया। व्हाट्सएप पर फेक प्रोफाइल बनाकर ठग ने विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों से रुपये और गिफ्ट वाउचर की मांग कर डाली। अब सिंघम के नाम से मशहूर एसीबी एडीजी दिनेश एमएन ने अपने साथियों से अपील करते हुए कहा कि मेरे नाम से रुपयों की डिमांड की जा रही है। ऐसे किसी भी झांसे में न आए।
हालांकि, समझदारी के चलते कोई भी ठग का शिकार नहीं हुआ। साथ ही आरोपी ने जिन लोगों को मैसेज कर रुपये की डिमांड की उन्होंने इसकी जानकारी एडीजी दिनेश एमएन को दी। इसके बाद पूरा मामला सामने आया। इसके बाद एडीजी ने लोगों से कुछ भी मांगे जाने पर एसएमएस का रिप्लाई नहीं करने की अपील की है। साथ ही उन्होंने कहा कि मैसेज आने पर नंबर को ब्लॉक कर दें।
जनकारी के अनुसार साइबर ठगों ने 8839060836 नंबर से व्हाट्सएप पर फेक प्रोफाइल बनाई और उस पर एडीजी दिनेश एमएन की फोटो लगाया। इसके बाद विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और आमजन को व्हाट्सएप पर मैसेज कर रुपये और गिफ्ट वाउचर की मांग की। ठगों ने मैसेज में कहा कि वह एक मीटिंग में व्यस्त हैं, जल्द रुपये ट्रांसफर कर दें।
विभाग के अधिकारी और कर्मचारी को जैसे ही ठगों का मैसेज मिला तो एडीजी दिनेश एमएन की फोटो देखकर वह हैरान रह गए। एडीजी का नंबर नहीं होने के कारण उन्होंने इसकी जानकारी एडीजी को दी जिसके बाद मामला सामने आया। एडीजी दिनेश ने जयपुर में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। साइबर सेल नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।