श्रीगंगानगर जिले में अनूपगढ़ बीएसएफ के जवानों ने 28 अक्टूबर की देर शाम शेरपुरा पोस्ट के पास एक पाक घुसपैठिए को भारत की सीमा में प्रवेश करने पर मार गिराया था। कई दौर की वार्ता के बाद गुरुवार को पाकिस्तान पाक घुसपैठिए का शव लेने के लिए सहमत हो गया।
अनूपगढ़ बीएसएफ के अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों ने राजकीय चिकित्सालय से पाक घुसपैठिए का शव पाकिस्तान को सौंपने के लिए ससम्मान ले जाया गया। पाक घुसपैठिए का शव कैलाश पोस्ट के पास भारत-पाकिस्तान की फ्लैग मीटिंग के दौरान सौंपा गया। पाक घुसपैठिया मुनीब आसिफ पुत्र मोहम्मद आसिफ पाकिस्तान के बहावलनगर के चक 269 का निवासी था।
हालांकि, इससे पूर्व अनेक बार अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ की घटनाओं के दौरान मारे जाने वाली घुसपैठियों या पाक नागरिकों की सुपुर्दगी के मामले में पाकिस्तान के रेंजर्स के द्वारा शव लेने से इनकार ही किया है। लेकिन इस बार कई बार की फ्लैग मीटिंग के बाद पाकिस्तान के रेंजर्स ने मारे गए घुसपैठिए, पाक नागरिक की फोटो पहचान के लिए भारतीय सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों से ली थी और आखिरकार पाकिस्तान ने इस बात को स्वीकार किया कि मारा गया घुसपैठिया पाकिस्तान का ही निवासी था।
मानवता के नजरिए से आज भी देश की सेवा में जुटे भारतीय सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने इंसानियत और भारतीय संस्कृति को जिंदा रखते हुए मारे गए पाक घुसपैठिए के शव को पाक को सुपुर्द करने के लिए पूरी संवेदनशीलता दिखाई। भारतीय संस्कृति का पूरे विश्व में प्रसिद्ध जज्बे को पूरे विश्व के सामने रखते हुए पाक घुसपैठिये के शव को पुष्पाजंलि देकर शव सीमा पार पाकिस्तान रेंजर्स को सुपुर्द किया।