Alwar News: पूर्व विधायक ने कहा कि आरोपी बदमाश है। वह फिरौती मांगता रहता है। पहले भी उसने शराब पीकर उनसे बदतमीजी की थी। जबकि आरोपी का कहना है ये सरासर झूठ है, उसके खिलाफ साजिश रची जा रही है।
सदर थाना पुलिस ने अलवर ग्रामीण के पूर्व विधायक जयराम जाटव और उनके बेटे राजेन्द्र कुमार को धमकी देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने व्हाट्सअप कॉल पर पूर्व विधायक और बेटे को गोली मारने की धमकी दी थी।
विज्ञापन
मिल गई जमानत
मामले के बाद पुलिस आरोपी रामवीर जाटव को जयपुर से पकड़कर अलवर लेकर आई है। बताया जा रहा है कि आरोपी को देर शाम एसडीएम यथार्थ शेखर के सामने पेश किया गया, जहां से उसे छह माह के लिए पाबंद कर जमानत पर छोड़ दिया गया।
जमानत पर रिहा होने के बाद रामवीर जाटव ने बताया कि कमल का बास में पूर्व विधायक का पेट्रोल पंप है और वहीं पास में उसकी जमीन भी है। पूर्व विधायक लगातार उसकी जमीन पर कब्जा करते जा रहे हैं। 2016 में जब पूर्व विधायक ने पेट्रोल पंप लगाया था, तब उन्होंने उसमें हिस्सेदारी की बात कही थी। आरोपी ने बताया कि हिस्सेदारी तो दूर की बात है, उन्होंने पूरी जमीन को हड़प लिया था। हद तो तब हो गई जब पूर्व विधायक ने 25 मार्च को जमीन पर निर्माण के लिए पत्थर तक डलवा दिये थे।