शहर कोतवाली क्षेत्र में किराए पर कमरा लेकर पढ़ाई कर रही दो बहनों पर कथित तौर पर धर्म परिवर्तन को दबाव बनाने के मामले में पुलिस ने दो मुस्लिम युवतियों समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इन हिंदू लड़कियों द्वारा पुलिस में शिकायत दी गई थी कि उनके साथ रहने वाली मुस्लिम लड़कियों ने मुस्लिम लड़कों के साथ दोस्ती करके शादी करने को दबाव बनाया था और ऐसा नहीं करने पर दोनों युवतियां धमकी देने लगी थीं। इतना ही नहीं कुछ युवक उनका पीछा कर दोस्ती करने का दबाव बना रहे थे।
पुलिस अधीक्षक आनन्द शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना के संबंध में दो युवतियों ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया गया कि दोनों बहनें हैं और अलवर में किराए का कमरा लेकर पढ़ाई कर रही हैं। उनके साथ सकीना मेव (25) व काजल उर्फ बबीता जाटव (24) भी रहती हैं। उन्होंने बताया कि सकीना और काजल उन पर वसीम (23) के साथ दोस्ती करने तथा धर्म परिवर्तन कर शादी करने का दबाव डाल रही हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों युवतियों सकीना मेव एवं काजल उर्फ बबीता के साथ युवक वसीम को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से मामले के संबंध में पूछताछ कर रही है।