अलवर पुलिस ने दो दिवसीय विशेष अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर 600 से ज्यादा आरोपियों को हिरासत में लिया है। पकड़े गए आरोपियों में वांछित अपराधी, साइबर ठग, वारंटी, मारपीट के आरोपी और अन्य मामलों में नामजद व्यक्ति शामिल हैं।
पुलिस महानिदेशक, राजस्थान और महानिरीक्षक, जयपुर रेंज के निर्देश पर अलवर जिले में दो दिवसीय एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान का नेतृत्व अलवर पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने किया। अभियान के दौरान 401 पुलिसकर्मियों की 91 टीमें गठित की गईं, जिन्होंने जिलेभर के 532 स्थानों पर दबिश दी और 604 आरोपियों को गिरफ्तार किया। यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक मानी जा रही है।
विज्ञापन
एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में वांछित अपराधी, साइबर ठग, वारंटी, मारपीट के आरोपी और अन्य मामलों में नामजद व्यक्ति शामिल हैं। इस अभियान का उद्देश्य जनता में सुरक्षा का भरोसा कायम करना और अपराधियों में कानून का डर पैदा करना है।
एसपी ने कहा कि अब अलवर पुलिस साइबर अपराधियों पर विशेष फोकस करेगी। इसके तहत साइबर थाना स्टाफ सहित सभी थाना प्रभारियों को तकनीकी प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे साइबर अपराध से जुड़े मामलों में प्रभावी कार्रवाई कर सकें। उन्होंने माना कि जिले के मेवात क्षेत्र में साइबर ठगी के मामलों की संख्या ज्यादा है, जिस पर लगाम लगाना पुलिस की प्राथमिकता है।
एसपी चौधरी ने यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस अब यह सुनिश्चित करेगी कि साइबर ठगों को आसानी से जमानत न मिले। साथ ही ठगी से अर्जित की गई संपत्ति को कानूनी तरीके से जब्त किया जाएगा। यह कदम साइबर अपराध पर नकेल कसने की दिशा में अलवर पुलिस की नई रणनीति का हिस्सा है।