थार सवारों ने किया नवविवाहिता का अपहरण
अलवर जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के चिमरवाड़ा गांव में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब शौच के लिए घर से निकली एक युवती का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया। अज्ञात बदमाश थार जीप में सवार होकर आए और युवती को जबरन वाहन में डालकर फरार हो गए। घटना सुबह करीब सात बजे की बताई जा रही है।
घात लगाकर किया गया अपहरण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चिमरवाड़ा निवासी युवती सोमवार सुबह घर से बाहर निकली थी। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात युवकों ने उसे जबरन थार जीप में खींच लिया और तेज रफ्तार में मौके से फरार हो गए। युवती की चीख-पुकार सुनकर जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक बदमाश आंखों से ओझल हो चुके थे।
प्रेम विवाह से जुड़ा बताया जा रहा मामला
बताया जा रहा है कि अपहृत युवती ने करीब छह माह पूर्व अपने प्रेमी से प्रेम विवाह किया था और वह अपने पति के साथ गांव में रह रही थी। घटना की सूचना युवती के पति ने तत्काल गोविंदगढ़ थाने में दी, जिस पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक तौर पर यह मामला पारिवारिक रंजिश या युवती के परिजनों की नाराजगी से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
जिलेभर में नाकाबंदी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया। जिला कंट्रोल रूम को सूचना देकर जिले के प्रमुख मार्गों और सीमाओं पर नाकाबंदी कराई गई है।
पुलिस गांव के प्रवेश और निकास मार्गों के साथ-साथ मुख्य सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि थार जीप के मार्ग का पता लगाया जा सके। थानाधिकारी के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें गठित कर संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
ये भी पढ़ें:
बकरी के बच्चे के केला खाने पर खूनी संघर्ष, दो महिलाओं सहित पांच घायल
गांव में दहशत
दिनदहाड़े हुई अपहरण की वारदात के बाद चिमरवाड़ा गांव और आसपास के इलाकों में दहशत और तनाव का माहौल है। ग्रामीणों में कानून व्यवस्था को लेकर रोष देखा जा रहा है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए आश्वासन दिया है कि युवती को जल्द ही सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा।