फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pramod Sawant: 'कांग्रेस के लिए ATM बन गई राजस्थान सरकार; अलमारी में मिल रहा गोल्ड, रिश्वत से हो रही लूट'

Fri, 22 Sep 2023 07:40 PM IST
अर्पित याज्ञनिक न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलवर

सार

अलवर में गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने राजस्थान सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि यहां अपराध और भ्रष्टाचार इतने पनप गए कि अब राजस्थान की कांग्रेस सरकार कांग्रेस पार्टी के लिए एटीएम बन चुकी है।
विज्ञापन
परिवर्तन यात्रा में शामिल हुए गोवा के सीएम प्रमोद सावंत। - फोटो : Amar Ujala Digital
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अलवर में गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने राजस्थान सरकार पर हल्ला बोलते हुए कहा कि यहां अपराध और भ्रष्टाचार इतने पनप गए हैं कि अब राजस्थान की कांग्रेस सरकार कांग्रेस पार्टी के लिए एटीएम बन चुकी है। यहां ट्रांसफर के नाम पर पैसे दिए जाते हैं और सबसे बड़ी बात तो यह है कि अब तक तो खुलेआम रिश्वत के आरोप लगते थे। अब तो सरकार की विभाग की अलमारी में ही गोल्ड बरामद हो रहा है। उन्होंने यह बात आज राजस्थान में निकल रही परिवर्तन संकल्प यात्रा के दौरान भिवाड़ी में कही।

विज्ञापन


पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि राजस्थान में अपराधों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। दलित अपराध बढ़ गए हैं। गैंगरेप बढ़ गए हैं। राजस्थान में अलवर पहले नंबर पर आ गया है। हत्या और साधु-संतों और पुजारी की हत्या भी खुलेआम हो रही है। मंदिरों पर बुलडोजर चलाए जा रहे हैं। 

यूपीए के नाम से विपक्षी दलों ने अब इंडिया नाम रखा है
उन्होंने बताया कि अलवर में हरीश जाटव, योगेश जाटव की हत्या का मामला भी हुआ था, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। आखिर में हरीश जाटव के पिता को आत्महत्या करनी पड़ी। उन्होंने आरोप लगाया कि यूपीए के नाम से विपक्षी दलों ने अब इंडिया नाम रखा है, जो सनातन धर्म को खत्म करने की बात करता है। उन्होंने कहा कि नाम बदलने से कुछ नहीं होगा, जब तक नीति और नीयत में बदलाव नहीं हो। उनकी (कांग्रेस) नीयत और नीति में कोई बदलाव नहीं है। 
विज्ञापन


राजस्थान में जनता बदलाव चाहती है 
सावंत ने बताया कि राजस्थान में परिवर्तन यात्रा सभी विधानसभा क्षेत्र में चल रही है और भरपूर समर्थन मिल रहा है। इस सहयोग से ऐसा तय हो गया है कि अब राजस्थान में जनता बदलाव चाहती है और डबल इंजन की सरकार लाने के लिए तैयार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान में मिशन 2023 और देश में मिशन 2024 पूरी तरह काम कर रहा है। केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में जी-20 का जो आयोजन हुआ, उससे पूरे विश्व में भारत का दबदबा बड़ा है।

60 साल में जो काम नहीं हुआ अब हो रहा है
आजादी का अमृत काल चल रहा है। ऐसे में यह साफ दिखाई देता है कि 60 साल में जो काम नहीं हुआ, वो आजादी के अमृत काल में काम हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छता अभियान डिजिटल इंडिया के साथ इतना बदलाव किया कि अब डिजिटल इंडिया विदेश में भी माना जा रहा है। जनधन खाते खोले गए हैं। राजस्थान में करीब तीन करोड़ से अधिक जनधन खाता खोले गए हैं। 85 लाख शौचालय बनाए गए हैं। यह केंद्र सरकार की बड़ी उपलब्धियों में शामिल है।

राजस्थान सरकार अपने वादे पूरे नहीं कर पाई
उन्होंने कहा कि हर सरकार को अपना रिपोर्ट कार्ड पेश करना चाहिए। बीजेपी की मध्य प्रदेश सरकार ने भी अपना रिपोर्ट कार्ड पेश किया, जो वादे किए थे, वह पूरे किए, लेकिन राजस्थान सरकार अपने वादे पूरे नहीं कर पाई। हालत ये हैं कि 19 बार पेपर लीक हुआ है, जिसमें राजस्थान सरकार के मंत्री और नेता और अफसर भी शामिल हैं। यह युवाओं के साथ पूरी तरह छलावा है। राजस्थान की कांग्रेस सरकार को सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है। कांग्रेस सरकार ने वादा किया था कि किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा, लेकिन राजस्थान में कोई कर्ज माफ नहीं हुआ। युवाओं को बेरोजगारी भत्ता नहीं दिया जा रहा। राजस्थान के युवा अवसाद में हैं।

भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस सरकार को करंट लगाने जा रही है
भारतीय जनता पार्टी के विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता राजेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि इस यात्रा ने 2400 किलोमीटर का सफर तय किया है और 50 विधानसभाओं में घूम चुकी है। अब तक की यात्रा के दौरान यह लगता है कि अब राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस सरकार को करंट लगाने जा रही है। ईआरसीपी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री 25 सितंबर से ईआरसीपी को लेकर यात्रा निकालने जा रहे हैं। जबकि विधानसभा सत्र के दौरान राज्यपाल के भाषण में ईआरसीपी को लेकर कहा गया है कि 2051 तक ईआरसीपी को पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने यह बात आज परिवर्तन यात्रा के दौरान भिवाड़ी में पत्रकारों से कही। उन्होंने कहा कि जिन 13 जिलों में ईआरसीपी को लेकर बात हो रही है, उन जिलों में कांग्रेस ने अपना जन आधार खो दिया है। इसलिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत यात्रा निकाल रहे हैं। उन्होंने बताया कि ईआईसीपी के लिए 9600 करोड़ रुपये आवंटित किए। लेकिन काम कुछ नहीं किया। 

13 केंद्रीय योजनाएं बनी, एक भी पूरी नहीं हुई
ईआरसीएपी  को लेकर सन 2021 में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें खुद कांग्रेस के एमपी के तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आपत्ति दर्ज कराई थी। केंद्रीय योजनाओं का हवाला देते उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में 13 केंद्रीय योजनाएं बनी, लेकिन एक भी पूरी नहीं हुई। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राज में डीजल महंगा हो गया। महंगी बिजली हो गई। मंडी टैक्स सबसे ज्यादा राजस्थान में है। राजस्थान में राशन किट बांटे गए थे, उनमें 22 सैंपल फेल होते हैं। सरकार ने महिलाओं को जो मोबाइल बांटे, वह फटने लगे हैं। यह सभी मोबाइल आउटडेटेड हैं, जो कंपनियों में बेकार हो चुके हैं, जिनकी कीमत 2000 तक है। उन्हें 6600 रुपये में खरीदकर  भ्रष्टाचार किया जा रहा है। 

शहरी रोजगार गारंटी योजना में शहर में एक को भी रोजगार नहीं दिया गया
महंगाई राहत के सवाल पर राठौड़ ने कहा यहां महंगाई कम नहीं हुई। शहरी रोजगार गारंटी योजना में शहर में एक को भी रोजगार नहीं दिया गया। अभी मुफ्त की योजनाओं को लेकर भी हाईकोर्ट ने नोटिस जारी किया है कि बजट में बिना प्रावधान के किस तरीके से राशि खर्च की जा रही है। सरकार बैक डोर एंट्री से यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को महात्मा गांधी प्रेरक की नियुक्ति दे रही है। जिस पर हाई कोर्ट ने अभी रोक लगाई है। भ्रष्टाचार के सवाल पर उन्होंने कहा कि आरपीएससी के सदस्य गोपाल केसावत 18 लाख 50 हज़ार की नकदी के साथ पकड़े गए थे, लेकिन अब कोर्ट में चालान पेश किया, तो उसमें एसीबी की धाराएं हटा दी गईं।

मुख्यमंत्री का चेहरा कमल का फूल ही है और कमल का फूल ही दावेदार
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया द्वारा इस यात्रा से दूरी के सवाल पर उन्होंने कहा कि वसुंधरा राजे की पुत्रवधू की तबीयत खराब है। इसलिए दिल्ली में हैं और  वसुंधरा राजे को भारतीय जनता पार्टी से अलग करके नहीं देखा जा सकता। यहां मुख्यमंत्री का चेहरा कमल का फूल ही है और कमल का फूल ही दावेदार है । टिकटों के बदलाव के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस पर टीका टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है। लेकिन टिकटों का निर्धारण केंद्र स्तर पर होता है और उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अलवर में कांग्रेस का सूपड़ा साफ होगा और बीजेपी सभी सीटों पर चुनाव जीतेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार इस वक्त डिजाइन बॉक्स की सरकार है, जो योजना लागू भी नहीं है, उसे योजना के विज्ञापन लेकर राज्य पर आर्थिक बोझ डाल रही है।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें