अलवर जिले में दो साल पहले थाना मालाखेड़ा क्षेत्र में हुई एक युवती की हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में मृतक युवती के पिता बाबूलाल मीणा पुत्र सरदार निवासी गांव कलसाड़ा को गिरफ्तार किया गया है। बेटे के साले से अफेयर के चलते नाराज हुए पिता ने ही दो साल पहले अपनी बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया, आरोपी पिता बाबूलाल मीणा बेटी के प्रेमी रवि की हत्या करने की फिराक में था। उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। उन्होंने बताया कि 16 अगस्त को कलसाडा गांव निवासी तेजपाल मीणा ने अज्ञात के खिलाफ बहन हेमा की गोली मारकर हत्या करने का मुकदमा दर्ज कराया गया था। रिपोर्ट पर मुकदमा दर्जकर अज्ञात हत्या की आरोपी की तलाश की जा रही थी। फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 5000 रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
एसपी गौतम ने बताया कि तलाश के दौरान सोमवार को मुखबिर की सूचना पर लक्ष्मणगढ़ चौराहे पर खड़े आरोपी बाबूलाल को थानाधिकारी राजेश कुमार मीणा मय टीम ने पीछा कर पकड़ा। आरोपी पुलिस टीम को देखते ही भाग गया था, जिसे थाने के कांस्टेबल महावीर प्रसाद ने करीब एक किलोमीटर पीछा कर पकड़ लिया।
थाने पर लाकर की गई पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपनी बेटी की हत्या भरतपुर निवासी बेटे के साले रवि के साथ अफेयर के चलते समाज में बदनामी के डर से की थी। बेटी की हत्या के बाद रवि की हत्या के लिए भी वह लगातार रैकी कर रहा था। रविवार 9 अक्टूबर को भी वह मालाखेड़ा रेकी करने आया था और वापस सोमवार को जयपुर जा रहा था।