शहर के कोतवाली थाना अंतर्गत ओम ज्वेलर्स की दुकान पर देर रात लाखों की चोरी हो गई, हैरानी की बात यह है मामला शहर के बीचों-बीच चूड़ी मार्केट का है। वारदात का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें चोर फुर्सत से चोरी करता हुआ नजर आ रहा है, ऐसे में कोतवाली थाना पुलिस की गश्त पर बड़ा प्रश्नचिन्ह खड़ा हो गया है। ज्वेलरी शॉप के मालिक मुकेश खंडेलवाल ने बताया उनके चौकीदार ने दुकान के ताले टूटे होने की सूचना दी।
दुकान मालिक ने बताया उनके काउंटर पर लगभग 15 लाख रुपये कीमत का सामान रखा हुआ था। उन्होंने पुलिस पर आक्षेप लगाते हुए कहा कि यदि लगातार गश्त होती तो हो सकता है कि यह वारदात नहीं होती। पुलिस इस पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है और चोरों का पता लगाने की कोशिश में जुट गई है। चोरी की इस वारदात से शहर के व्यापारी भी डरे हुए हैं क्योंकि यह पहली वारदात नहीं है, इससे पहले भी कई व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर इस तरह की वारदातें हो चुकी हैं। इस घटना से कुछ दिन पहले ही एक ज्वेलर्स के यहां चोरी की वारदात हो चुकी है, जिसमें लाखों का माल चोर लेकर पर हो गए थे। चोरी की लगातार हो रही इन वारदातों के बाद अब लगता है कि पुलिस चाहे लाख दावे करे लेकिन शहर की कानून व्यवस्था राम भरोसे ही है।