दीपावली के बाद एग्रीकल्चर प्लॉटिंग पर एक बार फिर अलवर UIT का बुलडोजर चला है। मंगलवार को भूगोर में श्मशान के पास और मंगलम रेजिडेंसी के पीछे करीब 10 से 15 बीघा जमीन पर अवैध प्लॉटिंग के लिए बनाई गई मिट्टी की रोड को यूटीआई ने ध्वस्त कर दिया और रोड को हटा दिया।
यूटीआई के तहसीलदार अनिल शर्मा ने बताया कि अवैध प्लॉटिंग पर यूआईटी की बराबर कार्रवाई होती रहती है। उसी के अनुसार जेईएन की रिपोर्ट के आधार पर भूगोर में श्मशान घाट से लगती करीब 8 से 10 बीघा जमीन पर अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। इसके पास ही मंगलम रेजिडेंसी के पीछे भी अवैध प्लॉटिंग पर एक्शन हुआ है, जिसे लेकर पहले खातेदार को नोटिस दिया गया और नोटिस का जवाब नहीं आने के बाद नियम के अनुसार अवैध प्लॉटिंग के लिए डाली जा रही कच्ची रोड को जेसीबी से हटाया गया है। इसके साथ ही खातेदार को भी पाबंद किया गया है ताकि आगे अवैध प्लॉटिंग नहीं हो।
लगातार हो रही अवैध प्लॉटिंग को लेकर यूआईटी प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं कि एक बार अवैध प्लॉटिंग रोकने के कुछ महीनों के बाद उसी जगह पर कॉलोनी बस जाती है। ऐसे में एग्रीकल्चर प्लॉटिंग पर बुलडोजर चलाने की प्रक्रिया केवल दिखावा मात्र ही नजर आती है।