अलवर चर्च रोड से 10 दिन पहले गुमशुदा व्यापारी का अब तक सुराग नहीं लगा है। दुकान को खुला छोड़कर गए व्यापारी के गायब होने को लेकर व्यापारियों ने कोतवाल से मुलाकात की। चर्च रोड बाजार के व्यापार समिति प्रतिनिधिमंडल ने मामले में चिंता जाहिर की है।
जानकारी के अनुसार चिम्मनलाल सैनी की चर्च रोड पर फर्नीचर की दुकान है। व्यापारी ने 20 जून की सुबह 8.30 बजे दुकान खोली थी। उसके बाद दोपहर करीब 12 बजे परिजनों ने फोन किया लेकिन उनका फोन बंद मिला। उसके बाद से चिम्मनलाल का कोई पता नहीं चला है। मतलब दुकान खोलने के बाद वे बाजार के बीच से गायब हुए हैं। व्यापारियों का कहना है कि पुलिस अब तक मामले में कोई ठोस सबूत नहीं जुटा सकी है।
व्यापारी के बेटे नितेश सैनी ने कोतवाली थाने में गुमशुदगी भी दर्ज करा रखी है। व्यापारी के बेटे ने पुलिस को बताया कि उसके पिता को अलवर शहर से ही एक महिला और उसका पति परेशान करते थे। आरोपी परिवार भी फरार है।