अलवर शहर कोतवाली थाना पुलिस ने ज्वेलर्स की दुकान पर चोरी करने के मामले में एक युवक और महिला को बापर्दा गिरफ्तार किया है। कोतवाली थाने के एएसआई कन्हैयालाल ने बताया कि 5 सितंबर को परिवादी ने थाने पर उपस्थित होकर अपनी ज्वेलरी की दुकान में चोरी का मामला दर्ज करवाया था।
पीड़ित द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार उसकी ज्वेलरी की दुकान पर दो महिलाएं और तीन पुरुष अलग-अलग ग्रुप बनाकर आए और सामान लेने के बहाने दुकानदार का ध्यान भटकाकर सोने के मंगलसूत्र की पांच चेन, जिनका वजन करीब डेढ़ सौ ग्राम है, उसे चुरा ले गए। प्रकरण में पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच-पड़ताल शुरू की और कार्रवाई करते हुए आरोपी सुनील कुमार और उसका साथ देने वाली सहयोगी महिला को बापर्दा गिरफ्तार किया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपने ही क्षेत्र में 10 से 12 सुनारों की दुकानों में चोरी करना बताया है। पुलिस ने यह भी बताया आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस का पूर्व में ही मुकदमा दर्ज है। आज पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से आरोपी युवक को पुलिस रिमांड पर लिया गया व आरोपी महिला को जेल भेज दिया गया। इस पूरे मामले में कोतवाली थाने के कांस्टेबल मुकेश गुर्जर की अहम भूमिका सामने आई है फिलहाल पुलिस पूरे मामले की अब जांच पड़ताल में जुटी है।