भिवाड़ी के पास-पथरेड़ी औद्योगिक इलाके में पटाखा बनाने वाली कंपनी में आग लगने से हड़कंप मच गया। कुछ दिन पहले ही पटाखा बनाने वाली कंपनी को टपूकड़ा एसडीएम ने सील किया था। ये फैक्टरी तिवारी मैन्युफैक्चरिंग ट्रेडिंग कंपनी के नाम से चल रही थी। कंपनी में आग लगने की सूचना के बाद प्रशासन की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
भिवाड़ी नगर परिषद सहित रीको फायर स्टेशन की दमकल गाड़ियां भी मौके पर पहुंची और आग बुझाने के प्रयास में जुटी रहीं। इस दौरान कंपनी के अंदर से पटाखे फूटने आवाजे आती रहीं। सुबह करीब छह बजे कंपनी में धमाके के साथ आग लग गई। उस समय कंपनी में तीन कर्मचारी काम कर रहे थे।
बता दें कि इस फैक्टरी में करीब एक सप्ताह पहले टपूकड़ा के सब डिविजनल मजिस्ट्रेट जांच के लिए गए थे। उस दौरान फैक्टरी संचालक लाइसेंस पेश नहीं कर सका। इसके बाद फैक्टरी को सील कर दिया गया था। आज सुबह फैक्टरी में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि इसकी लपटें काफी दूर तक दिखाई दे रही थीं।
सीज फैक्टरी में कैसे लगी आग
बड़ा सवाल ये है कि प्रशासन को मालूम था कि फैक्टरी में बारूद है तो क्यों नरमी बरती गई। सबसे बड़ी बात ये भी रही कि जब एसडीएम ने फैक्टरी सीज कर दी थी तो फिर इसमें आग लगने का कारण क्या रहा। इसका मतलब साफ है कि फैक्टरी में पटाखे बनाने का काम लगातार चल रहा था, क्योंकि आग में लगातार पटाखों की गूंज सुनाई दे रही है। बहरहाल अभी तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है। अब तक करीब 15 दमकल की गाड़ियां सुबह से लगी हुई हैं।