जिले के रैणी क्षेत्र के करणपुरा गांव में शनिवार सुबह करंट लगने से दो मासूम भाई-बहन की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन दोनों बच्चों को गंभीर हालत में रैणी चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर रैणी थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
मृतकों की पहचान 7 वर्षीय हर्षिता और 4 वर्षीय गौरव के रूप में हुई है। मृतक बच्चों के दादा गिर्राज प्रसाद मीना ने पुलिस में मामला दर्ज करवाया है। रिपोर्ट के अनुसार शनिवार सुबह दोनों बच्चे घर पर थे, जबकि परिवार के लोग पास ही खेत में कृषि कार्य कर रहे थे। परिजनों ने दोनों भाई-बहन को पानी लाने के लिए कहा था। बच्चे पानी लेकर खेत की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में सिंगल फेस की डिपो लाइन की अर्थिंग के संपर्क में आकर करंट की चपेट में आ गए।
ये भी पढ़ें: राजस्थान में लग्जरी कारों के अंदर नशे का खेल!: सीटें हटाकर छिपाते थे डोडा पोस्त, चार वाहन जब्त; तस्कर फरार
हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन दोनों बच्चों को रैणी चिकित्सालय लेकर पहुंचे लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने दादा की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों मासूमों के शव परिजनों को सौंप दिए गए।