पिछले महीने राजस्थान के भिवाड़ी में कथित तौर पर अपनी मोटर साइकिल से एक महिला की टक्कर के बाद उस व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। जिसके बाद उसके पिता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
जिसके बाद से ही मृतक हरीश जाटव के पिता रत्तिराम जाटव को कथित तौर पर धमकी भरी कॉल मिल रही थी। जिससे परेशान होकर मृतक के पिता ने आत्महत्या कर ली थी।
मृतक के पिता के आत्महत्या करने से आक्रोशित लोगों ने अलवर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पीड़ित हरीश जाटव के परिवार सहित शव के साथ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों की पुलिस के साथ झड़प भी हुई।
बता दें कि 16 अगस्त को हरीश जाटव के पिता ने धमकी भरी कॉल से परेशान होकर आत्महत्या कर ली थी। जिसके बाद अलवर पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर हरीश के पिता रत्तिराम को अस्पताल ले गई जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गौरतलब है कि पिछले महीने मृतक हरीश जाटव भिवाड़ी से लौट रहा था। लौटते वक्त रास्ते में उसकी बाइक की टक्कर एक महिला से हो गई। जिसके बाद वहां उसकी पिटाई कर दी गई। पिटाई से उसकी मौत हो गई थी। जिसके बाद अगले दिन टक्कर लगने वाली महिला हकीमन और हरीश जाटव के पिता ने अलवर थाने में एफआईआर दर्ज करवाई थी।
जिस पर अलवर पुलिस अधीक्षक पारीस देशमुख ने बताया था कि मृतक के पिता का आरोप था कि उमर शेर नाम के एक व्यक्ति और उसके साथियों ने मिलकर उसके बेटे की पिटाई कर दी जिसके बाद उसकी मौत हो गई थी। वहीं हकीमन के पति का आरोप था कि हरीश ने शराब के नशे में उसकी पत्नी को अपनी तेज रफ्तार बाइक से टक्कर मार दी जिसके बाद हकीमन बेसुध हो कर गिर पड़ी।