बोर्ड अधिकारियों से परीक्षा की जानकारी लेते वासुदेव देवनानी
- फोटो : amar ujala
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं की कॉपी जांचने के लिए बोर्ड प्रशासन पहले इच्छुक शिक्षकों से राय लेता था लेकिन, अब ऐसा नहीं होगा। सभी को अनिवार्य तौर पर कॉपियां जांचनी होगी।
शिक्षा राज्यमंत्री प्रो. वासुदेव देवनानी ने कहा कि प्रदेश के सभी शिक्षकों को राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की सैकण्डरी, सीनियर सैकण्डरी तथा आठवीं बोर्ड परीक्षा की काॅपियां अनिवार्य रूप से चैक करनी होगी। इसमें सिर्फ मानवीय आधार पर छूट दी जा सकती है।
देवनानी ने बुधवार को राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, अजमेर में स्थापित कन्ट्रोल रूम एवं परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा परीक्षा के दौरान गड़बड़ी करने एवं नकल कराने वाले स्कूलों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे स्कूलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
देवनानी ने बोर्ड अध्यक्ष प्रो. बी.एल. चौधरी से परीक्षाओं की जानकारी ली। इस पर बोर्ड प्रशासन ने उन्हें बताया कि प्रदेश में परीक्षाएं सुचारू रूप से चल रही हैं। परीक्षा में सुरक्षा के लिए सी.सी.टी.वी. की भी व्यवस्था की गई है। बोर्ड प्रशासन ने जानकारी दी की पहला परिणाम बारहवीं विज्ञान वर्ग का 15 मई तक जारी करने की योजना है। राज्य में इस वर्ष 32 लाख विद्यार्थी बोर्ड की परीक्षाएं दे रहे है।