Ajmer News: अजमेर की आनासागर चौपाटी पर एक नाबालिग लड़के से लाठी-डंडों से मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने 10 से 15 लोगों पर मारपीट करने के साथ ही मुर्गा बनाकर उसे यूरिन पिलाने और उसके ऊपर दारू डालकर बाल काटने का आरोप लगाया है। पीड़ित और उसके परिवार सहित समाज के लोगों ने सोमवार को एसपी कार्यालय पहुंचे और एडिशनल एसपी को शिकायत देकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।
अजमेर में नाबालिग लड़के के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। इस मामले में एडिशनल एसपी महमूद खान ने क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस को आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। जानकारी के मुताबिक भोपो का बाड़ा निवासी पीड़ित ने बताया कि 26 जनवरी को दोपहर में 2 बजे रील्स बनाने के लिए आनासागर चौपाटी पर गया था।
विज्ञापन
इसी दौरान चौपाटी पर रोहित बकरा, पुष्पेंद्र व गोकुल सहित 15 लोग वहां पहुंचे और सरियों, डंडों और हॉकी से उसके साथ मारपीट की गई। इसी दौरान मारपीट का उसका वीडियो भी बनाया गया। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर उसे बेहोश कर दिया था। बाद में उसके ऊपर शराब डालकर बाल काटे गए।
एडिशनल एसपी ने दिये जांच के आदेश
इतना ही नहीं आरोपियों द्वारा उसे मुर्गा बनाकर यूरिन पिलाया गया और उसे जाति सूचक शब्दों से अपमानित किया गया। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार के साथ समाज के लोग सोमवार को एसपी कार्यालय पहुंचे और विरोध जताया। पीड़ित की ओर से एडिशनल एसपी महमूद खान को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की गई है। एडिशनल एसपी मोहम्मद खान ने बताया कि पीड़ित की ओर से शिकायत दी गई है। मामले में क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।