पूर्व मनोनीत पार्षद मुनव्वर खान ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान
- फोटो : अमर उजाला
अजमेर शहर में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जब पूर्व मनोनीत पार्षद मुनव्वर खान कायमखानी (50) ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। लंबे समय से बीमारी से परेशान मुनव्वर खान ने सुसाइड नोट में अपनी जीवनलीला समाप्त करने की बात लिखी थी। घटना की सूचना मिलते ही अलवर गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
गुलाब बाड़ी फाटक के पास हुई घटना
रेलवे स्टेशन मास्टर की ओर से थाने में सूचना मिली कि गुलाब बाड़ी फाटक से पहले एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया है। इस पर अलवर गेट थाना प्रभारी नरेंद्र जाखड़ टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाई। जांच के दौरान मृतक के पास से एक सुसाइड नोट और निजी दस्तावेज बरामद हुए। सुसाइड नोट में लिखा था कि मैं अपनी बीमारी से परेशान हूं, मेरी मौत का जिम्मेदार मैं खुद हूं। किसी को भी परेशान न किया जाए। पुलिस ने नोट को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- Barmer Border: BSF ने तारबंदी के पास पाकिस्तानी बाप-बेटे को पकड़ा, पुलिस को सौंपा तो नाबालिग ने कर दी यह मांग
पूर्व पार्षद थे मुनव्वर खान कायमखानी
मृतक की पहचान गुलाब बाड़ी क्षेत्र निवासी मुनव्वर खान कायमखानी के रूप में हुई। वे कांग्रेस सरकार के समय अलवर गेट क्षेत्र से मनोनीत पार्षद रह चुके थे। परिजनों और परिचितों के अनुसार, वे लंबे समय से बीमारी से पीड़ित थे और इसी कारण मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो माहौल गमगीन हो गया। पुलिस ने शव को जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।
पुलिस जांच जारी, बीमारी की जानकारी जुटाई जा रही है
अलवर गेट थाना पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। घटनास्थल से मिले सबूत और सुसाइड नोट के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस मृतक की बीमारी से जुड़ी जानकारी और परिजनों के बयान दर्ज कर रही है, ताकि आत्महत्या के कारणों की पूरी पुष्टि की जा सके।
यह भी पढ़ें- बाड़मेर महिला हत्याकांड खुलासा: भतीजे ने क्रिकेट बैट से ली थी जान; चाची संग चाहता था ऐसा रिश्ता; अब गिरफ्तार