टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रोमांचक मैच होने वाला है। क्रिकेट प्रेमियों के साथ-साथ आम जनता भी भारतीय टीम की जीत के लिए दुआ कर रही है। इसी कड़ी में अजमेर स्थित विश्व प्रसिद्ध सूफी संत हजरत ख्वाजा मोइनुद्दीन हसन चिश्ती (गरीब नवाज) की दरगाह में भी टीम इंडिया की कामयाबी के लिए विशेष दुआ की गई।
खादिमों ने क्या कहा?
खादिम जहूर बाबा चिश्ती ने कहा कि ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह हमेशा से पूरी दुनिया में अमन, मोहब्बत और भाईचारे का पैगाम देती रही है। उन्होंने बताया कि आज पूरे देश के साथ दरगाह शरीफ में भी टीम इंडिया की जीत के लिए दुआ की गई है। उन्हें विश्वास है कि भारतीय टीम बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए देश को जीत की खुशी देगी।
वहीं खादिम सैयद कुतुबुद्दीन सखी ने कहा कि ख्वाजा गरीब नवाज की चौखट पर आने वाला हर इंसान अपनी मुराद लेकर आता है और यहां से दुआएं खाली नहीं जातीं। उन्होंने कहा कि आज खास तौर पर देश की तरक्की, खुशहाली और टीम इंडिया की कामयाबी के लिए दुआ की गई। उन्होंने बताया कि क्रिकेट केवल एक खेल नहीं बल्कि पूरे देश को जोड़ने वाला जज्बा है और आज हर धर्म और हर वर्ग के लोग भारतीय टीम की जीत के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।