समीपवर्ती देवली क्षेत्र में बोरड़ा गणेश जी मंदिर के पास बनास नदी में डूबने से एक किशोर की मौत हो गई। मंगलवार शाम से लापता किशोर का शव बुधवार सुबह तलाश अभियान के दौरान नदी से बाहर निकाला गया। मृतक की पहचान पीयूष पुत्र चरण सिंह मीणा निवासी सावंतगढ़, हाल निवासी कुचलवाड़ा रोड, देवली (टोंक) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, पीयूष मंगलवार को स्कूटी लेकर घर से अकेला निकला था। रात को बोरड़ा गणेश जी मंदिर के पास उसकी स्कूटी और चप्पल मिलने पर उसके नदी में डूबने की आशंका जताई गई। इसके बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने मंगलवार शाम से देर रात तक नदी में उसकी तलाश की। कुछ परिजन रातभर घटनास्थल पर ही रुके रहे।
पढ़ें: कनिष्ठ अभियंता भर्ती में 1035 पद बढ़े, अब 1909 पदों पर होगा चयन
बुधवार सुबह फिर से तलाश अभियान शुरू किया गया। घटना की सूचना मिलने पर गणेश मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष गिरिराज जोशी भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद ग्रामीणों ने रस्सी और बलाई की मदद से तलाश करते हुए किशोर का शव नदी से बाहर निकाला। शव को देवली राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। किशोर का शव मिलने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया गया कि पीयूष के पिता सेना में कार्यरत हैं और फिलहाल श्रीनगर क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात हैं। बेटे की मौत की सूचना मिलने के बाद वे देवली के लिए रवाना हो गए हैं। पीयूष कक्षा 11वीं में कृषि संकाय का छात्र था।
जानकारी के अनुसार, पीयूष जब स्कूटी लेकर घर से निकला तो उसकी एक बहन भी उसके पीछे गई थी, लेकिन वह उसे पकड़ नहीं पाई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पीयूष घर से किसी बात पर नाराज होकर निकला था या नहीं। वह बोरड़ा गणेश जी मंदिर क्यों पहुंचा और नदी में डूबने की घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी भी जानकारी सामने नहीं आई है। परिजनों की ओर से पुलिस को रिपोर्ट दिए जाने के बाद मामले की पूरी जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल पुलिस घटनाक्रम की जांच कर रही है।