राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से राजस्थान राज्य व अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा 2021 की मुख्य परीक्षा में सफल रहे अभ्यर्थियों के इंटरव्यू का पहला फेज 10 जुलाई 2023 से आयोजित किया जाएगा। इसके लिए प्रथम चरण में शामिल अभ्यर्थियों के साक्षात्कार पत्र आयोग की वेबसाइट पर अपलोड किए जा चुके हैं।
संयुक्त सचिव आशुतोष गुप्ता ने बताया कि अभ्यर्थियों को ऑफलाइन साक्षात्कार पत्र नहीं भेजे जाएंगे। साक्षात्कार पत्रों को आयोग की वेबसाइट से डाउनलोड कर साक्षात्कार में उपस्थित होना होगा। साक्षात्कार के समय विस्तृत आवेदन पत्र के साथ संलग्न करने वाले दस्तावेजों के संबंध में जारी आवश्यक दिशा-निर्देश आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।
अभ्यर्थी इन दिशा-निर्देशों का भली-भांति अवलोकन कर आवश्यक कार्यवाही करें। साक्षात्कार में उपस्थित होने वाले अभ्यर्थी ऑनलाइन भरे हुए विस्तृत आवेदन-पत्र, अटेस्टेशन फॉर्म और सर्विस प्रिफरेंस क्रम की दो कॉपी और अटैच डॉक्युमेंट्स की एक सेल्फ अटेस्टेड कॉपी (ऑरिजनल डॉक्यूमेंट्स सहित) साक्षात्कार के समय आयोग में पेश करें। ऑफलाइन डिटेल आवेदन-पत्र और सेवा प्राथमिकता क्रम स्वीकार नहीं किए जाएंगे।