अजमेर पुलिस अधीक्षक देवेंद्र विश्नोई से बुधवार को अजमेर प्रेस क्लब के पत्रकारों ने मुलाकात की और उनको विश्वास दिलाया कि बिश्नोई के कार्यकाल में अजमेर प्रेस क्लब के सभी पत्रकारों का पूर्ण सहयोग रहेगा। इस मौके पर एसपी विश्नोई ने पत्रकारों के सामने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि अजमेर जिले में उनका यह दूसरा कार्यकाल है। इससे पूर्व में ग्रामीण एसपी के पद पर तैनात रहे।
उन्होंने कहा कि तब की अजमेर में और अब के अजमेर में भौगोलिक परिवर्तन आ गया है। उन्होंने कहा कि अजमेर और पुष्कर की वजह से यहां प्रतिदिन लोगों का आना-जाना रहता है। धार्मिक पर्यटक यहां आते हैं। इसलिए पुलिस की जिम्मेदारी ज्यादा बढ़ जाती है। धार्मिक पर्यटकों की सुरक्षा के साथ-साथ आमजन भी महफूज रहे, इसके लिए पुलिस लगातार प्रयास करती है।
शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पर बिश्नोई ने कहा कि आमजन को पुलिस का सहयोग करना चाहिए तथा चौराहों में अन्य जगहों पर संयमित व्यवहार रखते हुए बिना जल्दबाजी करे यातायात नियमों का पालन करना जरूरी है। इससे हमारी और शहर की व्यवस्था सुचारू रहेगी, जहां तक ट्रैफिक पुलिस का सवाल है, वह व्यवस्था बनाने में हर संभव प्रयास करती है। लेकिन आमजन जब तक उनका सहयोग नहीं करेगा तो व्यवस्थाएं पूर्ण रूप से नहीं हो पाएंगी। इसलिए शहर के नागरिकों को पुलिस का सहयोग कर नियमों का पालन करना आवश्यक है।
एसपी विश्नोई ने कहा कि शहर में महिला सुरक्षा के लिए नवाचार किया जाएगा। सरकार की मंशा के अनुरूप महिलाओं व छात्राओं को सुरक्षा देने के लिए सभी थानाप्रभारियों को विशेष निर्देश दिए जाएंगे और जहां भी कोई घटना होगी उस पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सोशल मीडिया पर उनके वायरल वीडियो के बारे में कहा कि हम सब समाज के अंग हैं और समाज के नियमों और रीति-रिवाज का पालन करना हमारी जिम्मेदारी है। मैंने अपने बच्चों की परवरिश जैसे की है, वैसे ही सभी को करनी चाहिए। मेरे पुत्र ने जब इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर ली, तब मैंने उसको उसकी पसंद का मोबाइल दिलवाया। मैंने जो बयान दिया था, वह मैं अपने जीवन में अपनाने के बाद ही आमजन से साझा किया।
इस मौके पर अजमेर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनोज दाधीच, नवाब हिदायत उल्ला, पवन अटारिया, विकास टाक, आनंद शर्मा, अखिलेश जैन, रोहित तुनवाल, नरेश गौड, कार्तिक शर्मा, संदीप टाक, कपिल व्यास, अब्दुल मुगनी, आयशा खींची, तोसीफ, नवाज़ फय्याज अंसारी, मोइन गौरी, हितेश बालम आदि मौजूद रहे।