अजमेर निगम चुनाव के परिणाम जारी हो चुके हैं। निर्दलीय प्रत्याशी कई वार्डों में भाजपा-कांग्रेस पर भारी पड़ रहे हैं। राजस्थान के जल संसाधन मंत्री और केबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत अपने ही विधानसभा क्षेत्र पुष्कर में आने वाले दोनों वार्डों में हार गए हैं। वार्ड नंबर 61 और वार्ड नंबर 54 में कांग्रेस प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। दोनों ही वार्ड सुरेश सिंह रावत की पुष्कर विधानसभा क्षेत्र में आते हैं। वार्ड नंबर 61 से एएसआई हरफूल मीणा की पत्नी मीनाक्षी मीणा ने जीत दर्ज की है, जबकि वार्ड नंबर 54 से प्रीति माहुर विजयी रही हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी लोक बन्धु ने बताया कि विजयी प्रत्याशियों को शपथ दिलवाई गई है। उपस्थित सदस्यों को संबंधित रिटर्निंग अधिकारी द्वारा प्रमाण-पत्र भी सौंपे दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि अध्यक्षीय पदों के लिए नगर निकाय निर्वाचन के लिए निर्वाचित सदस्यों को बैठक का नोटिस उपलब्ध कराना होगा। नामांकन पत्रों को प्रस्तुत करने की अन्तिम तिथि 16 सितम्बर रहेगी। नामांकन पत्रों के संवीक्षा की तिथि का कार्य संबंधित रिटर्निंग अधिकारी द्वारा 17 सितम्बर को किया जाएगा। नाम वापस लेने अंतिम तिथि 18 सितम्बर अपरान्ह 3 बजे तक रहेगी। चुनाव चिन्हों के आवंटन का कार्य संबंधित रिटर्निंग अधिकारी द्वारा 18 सितम्बर को किया जाएगा। मतदान 21 सितम्बर को प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया जाएगा। मतगणना 21 सितम्बर को मतदान समाप्ति के तुरन्त पश्चात होगी।
उन्होंने बताया कि इसी प्रकार उपाध्यक्षीय पदों के लिए निर्वाचन का कार्य 22 सितम्बर को संबंधित रिटर्निंग अधिकारी द्वारा किया जाएगा। बैठक का प्रारम्भ प्रातः 10 बजे से होगा। नामांकन पत्रों का प्रस्तुतिकरण प्रातः 11 बजे तक किया जा सकता है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा प्रातः 11.30 बजे से होगी। अभ्यर्थिता वापसी का समय दोपहर 2 बजे तक रहेगा। मतदान यदि आवश्यक हुआ तो दोपहर 2.30 से सायं 5 बजे तक होगा। मतगणना का कार्य मतदान समाप्ति के तुरन्त पश्चात किया जाएगा।
80 वाडों में करीब 63.65 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था
80 वार्डों के लिए हुए चुनाव में करीब 63.65 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। यानी शहर की सरकार चुनने के लिए करीब दो-तिहाई मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। अजमेर नगर निगम क्षेत्र में कुल 4,38,039 मतदाता थे, जिनमें से 2,78,804 मतदाताओं ने मतदान किया। इस बार चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा मतदान प्रतिशत को लेकर रही। वर्ष 2021 के नगर निगम चुनाव में 66.17 प्रतिशत मतदान हुआ था। इसके मुकाबले इस बार मतदान 2.52 प्रतिशत अंक कम रहा है। अब आज आने वाले चुनाव परिणाम से साफ होगा कि कम मतदान का असर किस राजनीतिक दल ओर प्रत्याशी के पक्ष में जाता है।
2005 के बाद तीसरा सबसे ज्यादा मतदान
अजमेर नगर निगम के चुनावी इतिहास पर नजर डालें तो वर्ष 2026 का 63.65 प्रतिशत मतदान 2005 के बाद तीसरा सबसे ज्यादा मतदान है। वर्ष 2005 में 57.80 प्रतिशत, 2010 में 54.80 प्रतिशत, 2015 में 62.78 प्रतिशत और 2021 में रिकॉर्ड 66.17 प्रतिशत मतदान हुआ था। यानी 2010 के बाद लगातार दो चुनावों में मतदान प्रतिशत बढ़ा, लेकिन इस बार फिर इसमें गिरावट दर्ज की गई। हालांकि वर्ष 2010 के 54.80 प्रतिशत मतदान की तुलना में इस बार मतदान करीब 8.85 प्रतिशत अंक ज्यादा है। ऐसे में मौजूदा मतदान प्रतिशत को बहुत कम भी नहीं माना जा सकता। लेकिन 2021 के रिकॉर्ड मतदान से पीछे रहना चुनावी विश्लेषण का बड़ा मुद्दा जरूर बन गया है।